Home / Odisha / कांग्रेस विधायक ताराप्रसाद वाहिनीपति पर मशाल रैली के दौरान हमला

कांग्रेस विधायक ताराप्रसाद वाहिनीपति पर मशाल रैली के दौरान हमला

  • कोरापुट में तनाव, हमलावर हिरासत में

कोरापुट। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर कोरापुट शहर में उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई जब जयपुर के कांग्रेस विधायक ताराप्रसाद वाहिनीपति पर मशाल रैली के दौरान हमला हुआ। यह रैली 14 अगस्त की रात कोरापुट जिला कांग्रेस द्वारा गुंडिचा मंदिर से बस स्टैंड तक आयोजित की गई थी।

सूत्रों के अनुसार, जब रैली बस स्टैंड पहुंची, तभी कृष्ण चंद्र कुलदीप नामक व्यक्ति ने अचानक वाहिनीपति पर हमला कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने हमलावर को पकड़कर नगर पुलिस के हवाले कर दिया।

दोनों पक्षों की ओर से लिखित शिकायत दर्ज

पुलिस ने बताया कि आरोपी को चिकित्सकीय जांच के बाद पूछताछ के लिए हिरासत में रखा गया है। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से लिखित शिकायत दर्ज की गई है। विधायक के पीएसओ की ओर से दर्ज प्राथमिकी में कहा गया कि कुलदीप ने सार्वजनिक रूप से वाहिनीपति को थप्पड़ मारा, गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी।

आरोपी का पलटवार आरोप

वहीं, कुलदीप ने अपनी प्राथमिकी में दावा किया कि कांग्रेस विधायक और उनके भाई उसकी हत्या की योजना बना रहे थे। वर्तमान में कुलदीप, जो बस स्टैंड में कुली का काम करता है, कोरापुट अस्पताल में उपचाराधीन है और जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा।

जांच में जुटी पुलिस

नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, घटना के समय तक न तो विधायक वाहिनीपति और न ही आरोपी का आधिकारिक बयान सामने आया था। पुलिस इस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी है।

Share this news

About desk

Check Also

देश के शीर्ष पांच बिजली निर्यातक राज्यों में शामिल होगा ओडिशा

 वर्ष 2047 तक ओडिशा को स्वच्छ ऊर्जा का प्रमुख केंद्र बनाने का लक्ष्य : मुख्यमंत्री …