भुवनेश्वर। विदेश में कांग्रेस के नेता राहुल गांधी द्वारा दिये गये बयान का मुख्यमंत्री मोहन माझी ने कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा है कि राहुल गांधी व कांग्रेस क्षेत्रीयता, धर्म व भाषा को लेकर मतभेद पैदा करने की राजनीति से बाज आयें।
सोशल मीडिया एक्स पर उन्होंने कहा कि भारत एक शांतिप्रिय राष्ट्र है। हमारा देश हमेशा शांति, मित्रता और सद्भावना का संदेश देता आया है। परंतु, दुख की बात यह है कि कांग्रेस व उनके नेता राहुल गांधी हमेशा भारत विरोधी विचार प्रस्तुत करते आए हैं। उनके बयान प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से देश में अराजकता फैलाने का कारण बने हैं। वे विपक्षी दल के नेता हैं, लेकिन भारत विरोधी विचार व्यक्त करके राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में लिप्त रहे हैं। भारत जैसे धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र को वे हमेशा तोड़ने के प्रयास करते हैं और विदेशों में भारत विरोधी बयान देकर भारत माता का अपमान करते हैं। इसके साथ ही वे राष्ट्रविरोधी संस्थाओं के साथ मिलकर अखंड भारत को ध्वस्त करने की साजिश कर रहे हैं। उनके बयानों में आंचलिकता, धर्म और भाषा को लेकर मतभेद पैदा करने की राजनीति स्पष्ट है। हमें इससे दूर रहना चाहिए, अन्यथा 120 करोड़ भारतीय उन्हें माफ नहीं करेंगे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
