-
आईएमडी ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
-
कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश
-
तटीय क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
भुवनेश्वर। ओडिशा में पिछले 24 घंटे के दौरान सामान्य से 214 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, राज्य में औसतन 24.9 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 7.9 मिलीमीटर होती है। कई जिलों में भारी से अत्यंत भारी बारिश दर्ज की गई है।
राज्य में सबसे अधिक 162.2 मिलीमीटर बारिश सुंदरगढ़ के टेंसा में दर्ज की गई। इसके बाद देवगढ़ के बरकोट में 127.2 मिलीमीटर, केंदुझर के हाटडीही में 118.5 मिलीमीटर और अनुगोल के कन्हैया में 106 मिलीमीटर बारिश हुई। कई अन्य स्थानों पर भी 80 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई। राजधानी भुवनेश्वर में 20.1 मिलीमीटर और कटक में 17.6 मिलीमीटर बारिश हुई।
आईएमडी के अनुसार, गंगीय पश्चिम बंगाल और उससे सटे उत्तर ओडिशा तथा उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से राज्य में बारिश का दौर जारी है। इसके साथ ही करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक एक चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है। यह मौसम तंत्र अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है।
छह जिलों में ऑरेंज अलर्ट
अगले 24 घंटे के दौरान सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, संबलपुर, देवगढ़, अनुगोल और मयूरभंज में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बालेश्वर, भद्रक, जाजपुर, कटक, ढेंकानाल, सोनपुर, बौध, नयागढ़, खुर्दा, कंधमाल, नुआपड़ा और बलांगीर के लिए पीला अलर्ट जारी किया गया है।
1 से 2 सितंबर के दौरान सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, देवगढ़, सोनपुर, नुआपड़ा और बलांगीर में पीला अलर्ट रहेगा। 2 से 3 सितंबर के दौरान बरगढ़ जिले के लिए भी पीला अलर्ट जारी किया गया है।
समुद्र में न जाने की मछुआरों को सलाह
आईएमडी ने ओडिशा तट और उससे सटे समुद्री क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा झोंकों के साथ इनकी गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की चेतावनी दी है। समुद्र की स्थिति खराब से बहुत खराब रहने की संभावना है। मछुआरों को 1 सितंबर तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। राज्य के सभी बंदरगाहों पर स्थानीय चेतावनी संकेत संख्या-3 लगाया गया है।
भारी बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव, फसलों को नुकसान, कमजोर ढांचों के क्षतिग्रस्त होने, सड़कों पर आवागमन बाधित होने तथा बिजली और संचार सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, घरों के दरवाजे और खिड़कियां सुरक्षित रखने तथा स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
बरगढ़ में बंद रहे विद्यालय
आईएमडी की ओर से भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान और रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद ओडिशा के बरगढ़ जिले में आज सभी स्कूल बंद रहे। जिला शिक्षा कार्यालय ने जिले के सभी स्कूलों में एक दिन के लिए कक्षाएं स्थगित रखने का आदेश जारी किया था।
जिला प्रशासन ने यह फैसला खराब मौसम और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर लिया था। अधिकारियों के अनुसार, यह आदेश सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों सहित सभी स्तर के विद्यालयों पर लागू था।
प्रशासन ने अभिभावकों और संरक्षकों से अपील की है कि मौसम में सुधार होने तक बच्चों को घर से बाहर न निकलने दें और आईएमडी तथा जिला प्रशासन की ओर से जारी मौसम संबंधी निर्देशों का पालन करें।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
