-
ओडिशा कौशल विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष को मिली बड़ी जिम्मेदारी
-
कर्नाटक की कौशल नीति 2025-32 को देंगे रणनीतिक दिशा
भुवनेश्वर। ओडिशा कौशल विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष और माइंडट्री के सह-संस्थापक सुब्रत बाग्ची को कर्नाटक सरकार ने नवगठित कौशल विकास विजन ग्रुप का चेयरमैन नियुक्त किया है। यह नियुक्ति कर्नाटक के कौशल विकास के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। विजन ग्रुप राज्य की कौशल नीति 2025-32 के तहत कौशल विकास व्यवस्था को रणनीतिक दिशा देने के साथ भविष्य की जरूरतों के अनुरूप उद्योगों के लिए दक्ष कार्यबल तैयार करने में सलाह देगा।
उच्चस्तरीय सलाहकार समूह में उद्योग, शिक्षा जगत, नागरिक समाज और सरकार से जुड़े विशेषज्ञों को शामिल किया गया है। यह समूह कौशल विकास से जुड़ी उभरती प्राथमिकताओं, मौजूदा कमियों और आवश्यक हस्तक्षेपों की पहचान कर कर्नाटक के कौशल तंत्र को मजबूत करने के लिए सरकार को सुझाव देगा। यह समूह सूचना प्रौद्योगिकी, जैव प्रौद्योगिकी, स्टार्टअप और उच्च शिक्षा के लिए गठित इसी तरह के सलाहकार समूहों की श्रृंखला का हिस्सा है।
सुब्रत बाग्ची को ओडिशा में कौशल विकास के क्षेत्र में संस्थागत निर्माण और समुदाय आधारित कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए जाना जाता है। ओडिशा कौशल विकास प्राधिकरण के नेतृत्व के दौरान उन्होंने राज्य में कौशल प्रशिक्षण को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने और युवाओं को रोजगार के बदलते अवसरों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया था।
मानवता आज एक महत्वपूर्ण परिवर्तन बिंदु पर खड़ी
नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए बाग्ची ने कहा कि मानवता आज एक महत्वपूर्ण परिवर्तन बिंदु पर खड़ी है और कर्नाटक के युवा कौशल विकास पर एक नई इबारत लिखेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि विजन ग्रुप का अध्यक्ष बनकर वह सम्मानित और प्रसन्न हैं तथा समूह ऐसा आधार तैयार करेगा, जहां भविष्य की संभावनाओं को साकार होने का अवसर मिलेगा।
परोपकार के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान
सुब्रत बाग्ची अपने सामाजिक और परोपकारी कार्यों के लिए भी जाने जाते हैं। उन्होंने भुवनेश्वर स्थित बाग्ची श्री शंकर कैंसर केंद्र के लिए 340 करोड़ रुपये, भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी), बेंगलुरु में 800 बिस्तरों वाले अस्पताल के लिए 212.5 करोड़ रुपये और अहमदाबाद विश्वविद्यालय में बाग्ची स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ के लिए 55 करोड़ रुपये का योगदान दिया है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
