-
नियुक्ति के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल
भुवनेश्वर। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के ओडिशा संगठन में बड़ा बदलाव किया गया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने जीतेंद्र कुमार गुप्ता को ओडिशा प्रदेश का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष जीतेंद्र कुमार गुप्ता के सम्मान में शनिवार को भुवनेश्वर स्थित होटल केसरी के सम्मेलन कक्ष में एक विशेष संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी के राज्य कार्यालय की ओर से गुप्ता का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर जीतेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि आने वाले दिनों में ओडिशा में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करने के लिए व्यापक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी की गतिविधियों और संगठन को राज्य के तृणमूल स्तर तक पहुंचाने के साथ-साथ ओडिशा के सर्वांगीण विकास के लिए भी काम किया जाएगा।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा एवं नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
पार्टी के प्रदेश महासचिव चंद्रकांत सुतार ने कहा कि आने वाले दिनों में पार्टी के संदेश और विचारधारा को राज्य के लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए एक विशेष रणनीति तैयार की जाएगी।
पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि नए प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में ओडिशा में संगठन का विस्तार होगा और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) को जमीनी स्तर पर और मजबूत किया जा सकेगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
