-
अश्विनी वैष्णव ने की घोषणा
भुवनेश्वर। ओडिशा में टेलीकॉम की 5-जी सेवा आगामी 26 जनवरी से पूर्व शुरू होगी। भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए आयोजित शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान केन्द्रीय रेल, सूचना प्रौद्यगिकी व संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह घोषणा की।
वैष्णव ने गुरुवार को कहा कि मैंने आपसे वादा किया था कि ओडिशा को पहले चरण में 5-जी सेवाएं मिलेंगी। 5-जी सेवाएं 26 जनवरी से पहले शुरू हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह आरोप लगाया गया था कि दूरसंचार क्षेत्र में ओडिशा की उपेक्षा की जा रही थी। ओडिशा के लिए पर्याप्त फंड नहीं था, लेकिन मोदीजी ने इस क्षेत्र के लिए ओडिशा को 5,600 करोड़ रुपये दिए हैं। मोदीजी ने ओडिशा के गांवों में 4-जी सेवा पहुंचाने की जिम्मेदारी ली है। अब कोई यह नहीं कह सकता कि दूरसंचार क्षेत्र में ओडिशा की उपेक्षा की जा रही है।
इससे पहले केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ने कहा था कि ओडिशा को पहले चरण में ही 5-जी सेवाएं मिल जाएंगी। 5-जी की खास बात यह है कि एक बार लॉन्च होने के बाद यूजर्स को 4-जी से 10 गुना और 3-जी से 30 गुना ज्यादा स्पीड पर सर्विस मिलेगी।
जानकारों के मुताबिक, रफ्तार 100 गुना तक पहुंच सकती है। इसके साथ ही, यूजर्स को अब डाउनलोड की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। उदाहरण के लिए जिस फाइल को 2-जी नेटवर्क पर डाउनलोड होने में 56 घंटे, 3-जी नेटवर्क पर दो घंटे और 4-जी नेटवर्क पर 40 मिनट लगे, उसे 5-जी नेटवर्क पर सिर्फ 35 सेकेंड लगेंगे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
