Home / Odisha / कालिया की मृत्यु पर नवीन पटनायक, प्रधान ने शोक व्यक्त किया

कालिया की मृत्यु पर नवीन पटनायक, प्रधान ने शोक व्यक्त किया


भुवनेश्वर. ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कालिया नाम के बच्चे की असामयिक मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। सिर से जुड़े जुड़वां बच्चों में से एक कालिया को 2017 में भारत में किये गए बेहद मुश्किल ऑपरेशनों में से एक के दौरान उसके भाई जग्गा से अलग किया गया था। कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बुधवार को निमोनिया और सेप्टीसीमिया से कालिया की मौत हो गई। कंधमाल जिले के फिरिंगा पुलिस थाना क्षेत्र के तहत आने वाले कालिया के पैतृत गांव मालीपाड़ा में बृहस्पतिवार को जनजातीय परंपरा के मुताबिक उसका अंतिम संस्कार किया गया। एक अधिकारी ने कहा कि जनजातीय समुदाय के सदस्य, सरकारी अधिकारी,पुलिस, पत्रकार और विभिन्न समुदायों से जुड़े लोग कंधमाल में अंतिम संस्कार के दौरान मौजूद थे। ट्विटर के जरिये अपने शोक संदेश में पटनायक ने लिखा: “अफसोस है कि हमारे चिकित्सकों के भरसक प्रयास और सर्वश्रेष्ठ उपलब्ध उपचार के बावजूद कालिया की मृत्यु हो गयी। दिवंगत आत्मा की शांति के लिये प्रार्थना करता हूं। ईश्वर इस मुश्किल वक्त में पीड़ित परिवार को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करे।” इसके साथ ही पटनायक ने यह भी लिखा कि वह कालिया के जुड़वां भाई जग्गा के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं। नयी दिल्ली स्थित एम्स में ऑपरेशन के बाद सितंबर 2019 में छुट्टी मिलने के बाद से जग्गा कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ही है। प्रधान ने ट्विटर पर कहा, “कालिया की मृत्यु के बारे में जानकर दुख हुआ। डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद बच्चे को बचाया नहीं जा सका। मैं उसके माता-पिता और परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।” कालिया की बुधवार रात को मृत्यु हो गई थी।

Share this news

About desk

Check Also

ओडिशा में 2,067 एससी-एसटी अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री ने सौंपे नियुक्ति पत्र

    18वें रोजगार मेले में सेवक-सेविका के 1,913 और जनजातीय भाषा के 154 शिक्षकों …