भुवनेश्वर – शनिवार को स्कूल से लौटते समय एक आटो के पलट जाने के कारण दूसरी कक्षा में पढ़ने वाली एक बच्ची की मौत हो गई है, जबकि चार अन्य छात्र- छात्राएं घायल हो गये हैं। इस हादसे में एक शिक्षिका भी सामान्य घायल हुई हैं। यह दुर्घटना केन्द्रापड़ा जिले के पटामुंडाई में हुई है। इस घटना के बाद लोगों में काफी रोष दिखा और लोगों ने आटो को फूंक दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पटामुंडाई के औपदा के एक स्कूल की छुट्टी होने के बाद 11 बजे आटो छात्र- छात्राओं को लेकर लौट रहा था। गांव के निकट गरा चौक पर आटो चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया । इस कारण आटो दुर्घटनाग्रस्त हो गया । इस हादसे में शुभस्मिता स्वाईं नामक दूसरी कक्षा में पढ़ने वाली बच्ची की जान चली गई है। दुर्घटना के बाद आटो चालक वहां से फरार हो गया है । गुस्साए लोगों ने आटो में आग लगा दी है । पट्टामुंडाई थाने के पुलिस घटनास्थल पर पहुंच कर लोगों को समझाने बुझाने के साथ छात्रा के शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेजा है । पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Check Also
ओडिशा में 2,067 एससी-एसटी अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री ने सौंपे नियुक्ति पत्र
18वें रोजगार मेले में सेवक-सेविका के 1,913 और जनजातीय भाषा के 154 शिक्षकों …
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
