-
श्याम नगर नीमा में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता के साथ मनाया गया छठ महापर्व
-
पीढ़ियों से चली आ रही है आस्था की यह परंपरा
लेखक: विक्रमादित्य सिंह, शेरघाटी
लोक आस्था, पवित्रता, प्रकृति प्रेम और सामाजिक समरसता का महापर्व छठ श्याम नगर नीमा, पंचायत अकौना, जिला गया में अत्यंत श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। चार दिवसीय इस महापर्व के अवसर पर पूरे गांव में भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा। गांव के लोगों ने बिना किसी आडंबर और भेदभाव के सामूहिक रूप से इस पर्व में भाग लेकर सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे की अनुपम मिसाल प्रस्तुत की।
छठ महापर्व के अवसर पर गांव की जीवनदायिनी नहर के स्वच्छ एवं बहते जल में व्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को शुद्ध मन और पवित्र भाव से प्रथम अर्घ्य अर्पित किया। वहीं, अगले दिन प्रातःकाल उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना संपन्न की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने परिवार, समाज एवं समस्त मानव कल्याण की मंगलकामना की।
इस पर्व की एक विशेष पहचान प्रकृति और पारंपरिक जीवनशैली के प्रति गहरी आस्था भी रही। छठ पूजा में बांस के दउरा, सूप, मिट्टी के बर्तन, मौसमी फल, गन्ना, नारियल तथा अन्य स्थानीय एवं प्राकृतिक सामग्रियों का विशेष महत्व देखने को मिला। यह पर्व हमें प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने, पर्यावरण संरक्षण तथा सादगीपूर्ण जीवन जीने का संदेश देता है।
गांव के बुजुर्गों ने बताया कि यहां स्थित ऐतिहासिक नहर का निर्माण वर्ष 1857 में अंग्रेजी शासनकाल के दौरान हुआ था। उसी समय से इस नहर का गांव के जनजीवन से गहरा संबंध रहा है। पीढ़ी-दर-पीढ़ी चली आ रही परंपरा के अनुसार ग्रामीण प्रत्येक वर्ष इसी नहर के बहते जल में छठ महापर्व मनाते आ रहे हैं। इस प्रकार यह नहर केवल सिंचाई और जल का स्रोत ही नहीं, बल्कि गांव की सांस्कृतिक विरासत, आस्था और सामूहिक पहचान का भी प्रतीक बन चुकी है।
इस पावन पवित्र अवसर पर अकौना पंचायत के सक्रिय मुख्या प्रत्याशी श्री धीरज सिंह ने संवाददाता को बताया की अकौना पंचायत के अंतर्गत श्याम नगर नीमा, रमुआचक, कोरमथू, लक्षनैती , परकोथिनपुर आदि गांव में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा गया एवं घाट पर प्रसाद के रूप में ठेकुआ, फल आदि का वितरण किया गया। विशेष बात यह रही कि इस आयोजन में समाज के सभी वर्गों के लोगों ने बिना किसी भेदभाव के सहभागिता निभाई। नई पीढ़ी ने भी बुजुर्गों से प्राप्त परंपराओं और संस्कारों को आगे बढ़ाते हुए इस महापर्व में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
वास्तव में, श्याम नगर नीमा का यह छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सदियों पुरानी परंपरा, प्रकृति के प्रति सम्मान, सामाजिक समरसता और ग्रामीण संस्कृति की जीवंत अभिव्यक्ति है। यह आयोजन इस बात का प्रमाण है कि हमारी लोक परंपराएं समय के साथ और अधिक मजबूत होती हैं तथा समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करती हैं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal

