-
राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी होंगे शामिल
-
18 नवंबर से शुरू होगा 17वीं विधानसभा का आठवां सत्र
-
17 नवंबर को सर्वदलीय बैठक में तय होगी सदन की रणनीति
भुवनेश्वर। ओडिशा विधानसभा में नवनिर्वाचित एवं वर्तमान विधायकों को सदन की कार्यप्रणाली, संसदीय नियमों और विधायी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी देने के उद्देश्य से 16 नवंबर को विशेष अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्घाटन भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन करेंगे। ओडिशा विधानसभा की अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने रविवार को पत्रकारों से बातचीत में इसकी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में ओडिशा के ओडिशा के राज्यपाल ब्रज मोहन राम और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी शामिल होंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य विधायकों को विधानसभा की तकनीकी, प्रक्रियात्मक और राजनीतिक कार्यप्रणाली से परिचित कराना है, ताकि वे सदन की कार्यवाही में अधिक प्रभावी और जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभा सकें।
बजट और वित्तीय प्रक्रियाओं पर भी होगा विशेष सत्र
विधानसभा अध्यक्ष के अनुसार, उद्घाटन समारोह के बाद पहला पूर्ण सत्र आयोजित किया जाएगा। इसके बाद दोपहर के भोजन के उपरांत दूसरे पूर्ण सत्र में बजट चर्चा और सदन की वित्तीय प्रक्रियाओं से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी। इस दौरान विधायकों को बजट पर चर्चा, वित्तीय प्रस्तावों और सदन में उनसे संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी।
18 नवंबर से शुरू होगा शीतकालीन सत्र
यह अभिमुखीकरण कार्यक्रम 17वीं ओडिशा विधानसभा के आठवें सत्र यानी शीतकालीन सत्र से ठीक दो दिन पहले आयोजित किया जा रहा है। विधानसभा का शीतकालीन सत्र 18 नवंबर से शुरू होगा। आगामी सत्र को सुचारु रूप से संचालित करने और सदन में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के लिए 17 नवंबर को सर्वदलीय बैठक बुलाई जाएगी।
अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने बताया कि सर्वदलीय बैठक के अलावा विभिन्न राजनीतिक दल अपने-अपने विधायकों के साथ अलग-अलग बैठकें भी करेंगे। इन बैठकों में सदन के भीतर पार्टी की रणनीति, उठाए जाने वाले मुद्दों और विधायी कार्यवाही में पार्टी की भूमिका को लेकर चर्चा की जाएगी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
