Home / Odisha / भुवनेश्वर में एशिया रग्बी एमिरेट्स अंडर-20 सेवन्स चैंपियनशिप-2026 का शुभारंभ

भुवनेश्वर में एशिया रग्बी एमिरेट्स अंडर-20 सेवन्स चैंपियनशिप-2026 का शुभारंभ

  •  आठ साल बाद ओडिशा में अंतरराष्ट्रीय रग्बी प्रतियोगिता का आयोजन

  •  10 देशों की 17 टीमें ले रही हैं हिस्सा

भुवनेश्वर। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर स्थित कलिंगा स्टेडियम में शनिवार को एशिया रग्बी एमिरेट्स अंडर-20 सेवन्स चैंपियनशिप-2026 का शुभारंभ हुआ। राज्य के खेल एवं युवा सेवा मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने औपचारिक रूप से प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने कहा कि ओडिशा में इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन राज्य के लिए गर्व और गौरव का विषय है। आठ साल के अंतराल के बाद राज्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर की रग्बी चैंपियनशिप आयोजित की जा रही है।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में 10 देशों की कुल 17 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें पुरुष वर्ग की 10 और महिला वर्ग की सात टीमें शामिल हैं। भारतीय पुरुष टीम में ओडिशा के पांच तथा महिला टीम में तीन खिलाड़ी जगह बनाने में सफल रहे हैं।

मंत्री ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ओडिशा में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन युवा खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने के लिए प्रेरित करेगा।

भारतीय रग्बी फुटबॉल यूनियन के अध्यक्ष राहुल बोस ने कहा कि इस वर्ष कलिंगा स्टेडियम में तीन राष्ट्रीय स्तर की रग्बी प्रतियोगिताएं आयोजित की गई हैं। इनमें सब-जूनियर नेशनल रग्बी सेवन्स चैंपियनशिप, अस्मिता रग्बी लीग-नेशनल और नेशनल रग्बी 15s चैंपियनशिप (डिवीजन-1) शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि इन राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के बाद अब कलिंगा स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय स्तर की एशिया रग्बी एमिरेट्स अंडर-20 सेवन्स चैंपियनशिप का आयोजन होना खुशी की बात है। विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी के माध्यम से ओडिशा ने वैश्विक खेल जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।

बोस ने रग्बी के विकास के लिए ओडिशा सरकार और खेल एवं युवा सेवा विभाग की ओर से लगातार मिल रहे सहयोग की भी सराहना की।

उल्लेखनीय है कि यह दो दिवसीय प्रतियोगिता 14 और 15 नवंबर को कलिंगा स्टेडियम में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता के पहले दिन शनिवार को कुल 25 मैच खेले जा रहे हैं।

उद्घाटन समारोह में खेल एवं युवा सेवा विभाग के आयुक्त-सह-शासन सचिव भूपेंद्र सिंह पुनिया, विभाग के निदेशक डॉ. येदुला विजय तथा रग्बी इंडिया के सचिव गेराल्ड प्रभु सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

ओडिशा बोर्ड की 10वीं की वार्षिक परीक्षा 12 से 27 मार्च 2027 तक

  बीएसई ने जारी किया टाइम टेबल भुवनेश्वर। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (बीएसई), ओडिशा ने वर्ष …