-
बिरसा मुंडा जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस पर भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ने अर्पित की श्रद्धांजलि
-
विद्यार्थियों और गणमान्य लोगों से किया संवाद
भुवनेश्वर। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं ओडिशा भाजपा के सह-प्रभारी डॉ स्वदेश सिंह ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके संघर्ष, त्याग और समाज के प्रति योगदान को स्मरण किया।
इस अवसर पर डॉ सिंह ने बिरसा मुंडा छात्रावास के विद्यार्थियों तथा जनजातीय समाज के अन्य गणमान्य लोगों से संवाद किया। इस दौरान भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान, जनजातीय अस्मिता की रक्षा और समाज के उत्थान में उनके योगदान पर विचार-विमर्श किया गया।
डॉ स्वदेश सिंह ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जिस समाज के स्वाभिमान, अधिकार और सम्मान के लिए संघर्ष किया था, उस समाज को विकास की मुख्यधारा में सम्मानजनक भागीदारी दिलाना आज हमारी राष्ट्रीय जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार तथा सामाजिक-आर्थिक विकास को विशेष प्राथमिकता दे रही है।
डॉ सिंह ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष को जनजातीय समाज के स्वाभिमान, अधिकारों और सामाजिक उत्थान की प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
