-
अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर की सुख-समृद्धि की कामना
-
भुवनेश्वर में कुआखाई और कटक में महानदी के तट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
-
छठ के पारंपरिक गीतों से भक्तिमय हुआ वातावरण
-
36 घंटे के निर्जला व्रत के बीच छठव्रतियों ने पूरे विधि-विधान से की सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना
-
परिवार की खुशहाली और सर्वमंगल की मांगी मन्नत
भुवनेश्वर। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पर रविवार को ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर सहित कटक और आसपास के इलाकों में श्रद्धा एवं भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य देने के लिए शाम होते ही नदियों और जलाशयों के तटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पारंपरिक वेशभूषा में सजी छठव्रती महिलाएं सिर पर पूजा की टोकरी और सूप में फल, ठेकुआ, नारियल तथा अन्य पूजन सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचीं। चारों ओर छठी मैया के जयकारे और पारंपरिक छठ गीतों की गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
राजधानी भुवनेश्वर में कुआखाई नदी के तट पर छठ पूजा के लिए विशेष उत्साह देखने को मिला। वहीं, कटक में महानदी के तट पर हजारों श्रद्धालुओं ने एकत्रित होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। छठव्रतियों के साथ परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु भी इस पावन अवसर के साक्षी बने। घाटों पर आस्था, अनुशासन और सामूहिक भक्ति का अनूठा संगम दिखाई दिया।
अर्घ्य देकर मांगी परिवार की खुशहाली
छठव्रतियों ने डूबते सूर्य की अंतिम किरणों के बीच नदी और जलाशयों में खड़े होकर विधि-विधान से अर्घ्य अर्पित किया। सूप में सजे मौसमी फल, गन्ना, नारियल, ठेकुआ और अन्य प्रसाद के साथ सूर्यदेव की आराधना की गई। व्रतियों ने परिवार की सुख-शांति, संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और समृद्धि के लिए छठी मैया से प्रार्थना की। इस दौरान घाटों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
छठ गीतों से गूंजे घाट, दिखी लोक संस्कृति की अनुपम छटा
‘केलवा के पात पर उगेलन सूरजमल’ और ‘कांच ही बांस के बहंगिया’ जैसे पारंपरिक छठ गीतों ने पर्व की आध्यात्मिक अनुभूति को और गहरा कर दिया। महिलाओं के समूहों द्वारा गाए जा रहे लोकगीतों से घाटों पर बिहार और पूर्वांचल की लोक संस्कृति की झलक दिखाई दी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में पर्व को लेकर विशेष उत्साह रहा। कई परिवारों ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना कर सामाजिक एकता और पारिवारिक परंपराओं का संदेश दिया।
उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा महापर्व का समापन
छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार की सुबह छठव्रती उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित करेंगे। सूर्योदय के समय जल में खड़े होकर सूर्यदेव की उपासना और अर्घ्य देने के बाद 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया जाएगा। इसी के साथ चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन साधना, संयम और लोक आस्था के महापर्व का विधिवत समापन होगा।
छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, स्वच्छता, अनुशासन, परिवार की मंगलकामना और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है। ओडिशा में बसे बिहार, झारखंड और पूर्वांचल के लोगों के साथ स्थानीय श्रद्धालुओं की भागीदारी ने इस महापर्व को सांस्कृतिक एकता के उत्सव में बदल दिया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
