Home / Odisha / बंगाल की खाड़ी में 19 नवंबर तक अति भीषण चक्रवात बनने की आशंका

बंगाल की खाड़ी में 19 नवंबर तक अति भीषण चक्रवात बनने की आशंका

  •   लगातार शक्तिशाली होता जा रहा है डिप डिप्रेशन तेज,

  •   आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ रहा मौसमी सिस्टम

  •  ओडिशा के छह जिलों में 18 से 20 नवंबर तक भारी बारिश का अलर्ट

  •  मछुआरों को 17 और 18 नवंबर को समुद्र में नहीं जाने की चेतावनी

  •  145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं हवाएं

भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में बना डिप डिप्रेशन लगातार शक्तिशाली होता जा रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, यह मौसमी सिस्टम धीरे-धीरे चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके 16 नवंबर तक चक्रवाती तूफान, 17 नवंबर तक भीषण चक्रवाती तूफान और 19 नवंबर तक अति भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका जताई गई है। इसके प्रभाव से ओडिशा के कई हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले तीन घंटों के दौरान यह सिस्टम 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा था। वर्तमान में इसका केंद्र गोपालपुर से लगभग 1,130 किलोमीटर और विशाखापट्टनम से दक्षिण-दक्षिण पूर्व दिशा में करीब 1,010 किलोमीटर दूर स्थित है। इसके आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक इसकी दिशा, गति और तीव्रता पर लगातार नजर रख रहे हैं।

145 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, चक्रवात के अत्यधिक शक्तिशाली होने पर हवा की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इस दौरान हवा के झोंके 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक चलने की आशंका है। हालांकि, इसके संभावित तटवर्ती प्रभाव और आगे की दिशा को लेकर स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

ओडिशा के छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

चक्रवात का संभावित मार्ग आंध्र प्रदेश की ओर होने के बावजूद इसके बाहरी प्रभाव से ओडिशा में भी व्यापक बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने 18 से 20 नवंबर के बीच राज्य के छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इनमें गंजाम, गजपति, पुरी, खुर्दा, केंद्रापड़ा और जगतसिंहपुर शामिल हैं। तटीय और दक्षिणी ओडिशा के इन जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।

मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह

मौसम के बिगड़ते मिजाज को देखते हुए दक्षिण ओडिशा के तटवर्ती इलाकों में 17 और 18 नवंबर को समुद्र की स्थिति खराब रहने की आशंका है। इस दौरान समुद्र में 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि हवा के झोंकों की गति 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। समुद्र में ऊंची लहरें उठने और स्थिति खराब से अत्यंत खराब होने की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को 17 और 18 नवंबर को दक्षिण ओडिशा तट तथा आसपास के समुद्री क्षेत्रों में नहीं जाने की सख्त सलाह दी है।

मौसम विभाग ने आगामी दिनों में चक्रवाती सिस्टम की गतिविधियों पर नजर रखने और जारी होने वाले ताजा पूर्वानुमान एवं चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

Share this news

About desk

Check Also

कार्तिक उत्सव को लेकर पुरी और साक्षी गोपाल में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

 पंचुक, कार्तिक पूर्णिमा और आंवला नवमी पर उमड़ेगी लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ ओडिशा पुलिस ने …