-
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने की घोषणा
-
उत्कल विश्वविद्यालय और योग महोत्सव समिति के बीच एमओयू
भुवनेश्वर। खुर्दा जिला के जटनी के बिंझगिरि में 20 एकड़ भूमि पर आधुनिक योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान स्थापित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त गजपति, मालकानगिरि और रायगड़ा जिलों में तीन नए आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जाएंगे। इन पहलों से राज्य में पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों, आयुर्वेदिक शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा।
उत्कल विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित योग महोत्सव समिति, ओडिशा के वार्षिक समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने ये बातें कहीं।
उन्होंने कहा कि भारतीय चिकित्सा परंपरा में स्वास्थ्य का अर्थ केवल बीमारी से मुक्ति नहीं, बल्कि शरीर, मन और जीवनशैली के बीच संतुलन स्थापित करना भी है। राज्य सरकार इसी दृष्टिकोण के साथ योग, आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा को बढ़ावा दे रही है।
समारोह के दौरान योग शिक्षा, प्रशिक्षण और प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने के लिए उत्कल विश्वविद्यालय तथा योग महोत्सव समिति, ओडिशा के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इसके माध्यम से योग से संबंधित शैक्षणिक गतिविधियों, प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रमों को व्यापक बनाने का प्रयास किया जाएगा।
समझौते से विद्यार्थियों को योग के सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक पहलुओं से जोड़ने तथा विश्वविद्यालय और समिति के बीच संस्थागत सहयोग मजबूत होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में उत्कल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर चंडी प्रसाद नंद, योग महोत्सव समिति के अध्यक्ष आलोक दास, राज्य सरकार के मंत्री सुनील कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, समिति के पदाधिकारी, योग साधक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
दस वर्षों में तैयार हुए 15 हजार से अधिक योग प्रशिक्षक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि स्वस्थ, जागरूक और समृद्ध ओडिशा के निर्माण के लिए योग, प्राणायाम और प्राकृतिक चिकित्सा को जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने योग महोत्सव समिति के कार्यों की सराहना करते हुए बताया कि वर्ष 2016 में गतिविधियां शुरू करने वाली इस संस्था ने पिछले दस वर्षों में राज्य में 15 हजार से अधिक योग प्रशिक्षक तैयार किए हैं।
योग का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना चाहिए
मुख्यमंत्री ने कहा कि योग का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए शहरों के साथ-साथ गांवों, ब्लॉकों, पंचायतों और दूरदराज के क्षेत्रों में नियमित योग गतिविधियों को प्रोत्साहित करना होगा। उन्होंने राज्य के प्रत्येक जिले, ब्लॉक और पंचायत में योग एवं प्राणायाम के प्रसार पर जोर दिया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
