Home / Odisha / छठव्रतियों ने किया खरना, अस्ताचलगामी सूर्य को आज पहला अर्घ्य
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

छठव्रतियों ने किया खरना, अस्ताचलगामी सूर्य को आज पहला अर्घ्य

  •  छठ महापर्व को लेकर भुवनेश्वर और कटक में  कुआखाई और महानदी के तट पर उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़

  •  घाटों पर पूजा की तैयारियां पूरी

भुवनेश्वर। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। चार दिवसीय इस महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को छठव्रतियों ने पूरे विधि-विधान के साथ खरना किया। दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना कर गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण किया। इसके साथ ही छठव्रतियों का 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो गया है।
महापर्व के तीसरे दिन रविवार को छठव्रती अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। इस अवसर पर भुवनेश्वर और कटक के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। राजधानी भुवनेश्वर में कुआखाई नदी के तट सहित विभिन्न जलाशयों पर छठ पूजा की विशेष तैयारियां की गई हैं। वहीं कटक में महानदी के तट पर श्रद्धालु डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की खुशहाली की कामना करेंगे।
घाटों पर तैयारियां पूरी, छठ गीतों से भक्तिमय हुआ माहौल
छठ पूजा समितियों की ओर से घाटों की साफ-सफाई, रोशनी, सजावट और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। पूजा सामग्री और फल से सजे दउरा तथा सूप के साथ व्रती घाटों पर पहुंचेंगे। छठ गीतों और पारंपरिक लोकधुनों से पूरा वातावरण भक्तिमय होगा।
सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य
महापर्व के अंतिम दिन सोमवार को छठव्रती उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत संपन्न होगा और व्रती पारण करेंगे। चार दिनों तक चलने वाला यह महापर्व प्रकृति, सूर्य और जल के प्रति कृतज्ञता तथा लोक आस्था का प्रतीक है। इसमें परिवार और समाज की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की जाती है।
Share this news

About desk

Check Also

बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का नामकरण ‘अकवान’ हुआ

  16 नवंबर की शाम तक ले सकता है तूफान का रूप  दक्षिण-पूर्व बंगाल की …