Home / National / 45वें आईआईटीएफ-2026 में ओडिशा पवेलियन का उद्घाटन

45वें आईआईटीएफ-2026 में ओडिशा पवेलियन का उद्घाटन

  • राज्य ने अपनी समृद्ध विरासत, पारंपरिक उत्कृष्टता और उभरती आर्थिक संभावनाओं का किया प्रदर्शन

  • ओडिशा सरकार की मुख्य सचिव श्रीमती अनु गर्ग ने

  • नई दिल्ली के भारत मंडपम स्थित हॉल-3 में ओडिशा पवेलियन का किया उद्घाटन

नई दिल्ली, 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (आईआईटीएफ)-2026 में ओडिशा पवेलियन का उद्घाटन आज नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम के हॉल-3 में ओडिशा सरकार की मुख्य सचिव श्रीमती अनु गर्ग ने किया। मेले की व्यापक थीम ‘विकास और विरासत’ के अनुरूप ओडिशा पवेलियन को ‘जहाँ विरासत से प्रेरित होता है विकास’ विषयवस्तु के तहत प्रस्तुत किया गया है। यह पवेलियन राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक शिल्पकला, विविध प्राकृतिक संसाधनों और उभरते आर्थिक अवसरों को रेखांकित करता है।
ओडिशा पवेलियन में राज्य के विशिष्ट हथकरघा एवं हस्तशिल्प उत्पादों, जीआई टैग प्राप्त उत्पादों, जनजातीय कला, कृषि उपज, वनोपज, दुग्ध उत्पादों, ग्रामीण उद्यमों तथा पर्यटन संबंधी आकर्षणों की व्यापक प्रदर्शनी लगाई गई है। राज्य के विभिन्न विभागों, एजेंसियों, संस्थानों, सहकारी समितियों और उत्पादक संगठनों की सहभागिता से सुसज्जित यह प्रदर्शनी ओडिशा की उस विकास यात्रा को दर्शाती है, जिसमें सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ नवाचार, उद्यमिता और सतत विकास को भी समान महत्व दिया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्य सचिव श्रीमती अनु गर्ग ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर ओडिशा की समृद्ध विरासत और समकालीन विकास यात्रा को प्रस्तुत करने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राज्य के पारंपरिक कौशल, स्वदेशी ज्ञान, सांस्कृतिक पहचान और प्रचुर प्राकृतिक संसाधन इसकी विकास आकांक्षाओं के मजबूत आधार हैं। उन्होंने स्थानीय कारीगरों, बुनकरों, किसानों, जनजातीय समुदायों, महिला स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों को व्यापक बाजार अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि वे बड़े बाजारों से जुड़ सकें और उभरते आर्थिक अवसरों का लाभ उठा सकें। उन्होंने आगंतुकों एवं विभिन्न हितधारकों से ओडिशा पवेलियन में प्रदर्शित विविध उत्पादों और पहलों का अवलोकन करने का भी आग्रह किया।
पवेलियन में आगंतुकों को ओडिशा की हथकरघा एवं हस्तशिल्प परंपराओं की अद्भुत विविधता से रूबरू होने का अवसर मिल रहा है। संबलपुरी वस्त्र, सूती, तसर एवं रेशमी उत्पाद, पट्टचित्र कला, ताड़पत्र उत्कीर्णन, चांदी की तारकशी, ढोकरा शिल्प, पत्थर एवं लकड़ी की नक्काशी, एप्लिक कार्य सहित अन्य पारंपरिक कलाकृतियां राज्य के शिल्पकारों की असाधारण दक्षता को प्रदर्शित करती हैं। चांदी की तारकशी, ढोकरा ढलाई, पत्थर की नक्काशी और पारंपरिक बुनाई का सजीव प्रदर्शन पवेलियन के आकर्षण को और बढ़ा रहा है। वहीं, ब्लॉकचेन तकनीक आधारित हथकरघा बुनाई पारंपरिक शिल्पकला और आधुनिक तकनीक के समन्वय का उदाहरण प्रस्तुत कर रही है।
मिशन शक्ति द्वारा महिला स्वयं सहायता समूहों के निर्मित विभिन्न उत्पादों की आकर्षक श्रृंखला प्रदर्शित की गई है। इनमें सबई घास से बने उत्पाद, जनजातीय आभूषण, पेपर मैशे शिल्प, मिलेट आधारित उत्पाद, रेडी-टू-ईट खाद्य सामग्री, हथकरघा एवं हस्तशिल्प उत्पाद शामिल हैं। वहीं, ओआरएमएएस (ORMAS) ग्रामीण उद्यमिता की क्षमता को दर्शाने वाले उत्पादों का प्रदर्शन कर रहा है, जिनमें गोल्डन ग्रास शिल्प, मसाले, मिलेट उत्पाद, अचार, महुआ उत्पाद और कॉयर शिल्प प्रमुख हैं। ये प्रदर्शनियां समावेशी आर्थिक विकास और सतत आजीविका के सृजन में महिलाओं तथा ग्रामीण समुदायों के महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित करती हैं।
पवेलियन में गोंड एवं लांजिया सौरा चित्रकला, विशिष्ट डोंगरिया कोंध शॉल, लघु वनोपज, मूल्यवर्धित जनजातीय उत्पादों और कोरापुट कॉफी के माध्यम से ओडिशा की जनजातीय विरासत को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है। कृषि उत्पादों में मिलेट, काला चावल, पारंपरिक धान की किस्में, काजू, शहद, मसाले तथा मूल्यवर्धित मिलेट उत्पाद राज्य की सतत कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र की संभावनाओं को दर्शाते हैं। ओएमएफईडी (OMFED) द्वारा दुग्ध उत्पादों के साथ जैविक कंधमाल हल्दी का प्रदर्शन किया गया है। वहीं, ओडिशा पर्यटन द्वारा राज्य के समृद्ध आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित किया गया है, जिनमें कोणार्क का सूर्य मंदिर, पुरी का जगन्नाथ धाम और चिलिका झील प्रमुख हैं।
उत्पादकों, उद्यमियों, खरीदारों, निर्यातकों, निवेशकों और उद्योग जगत के विभिन्न हितधारकों के बीच संवाद एवं व्यावसायिक संपर्क को बढ़ावा देने के लिए विशेष निर्यात तथा बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) मंच भी स्थापित किए गए हैं। इन मंचों का उद्देश्य बाजार संपर्कों को मजबूत करना, व्यावसायिक साझेदारियों को प्रोत्साहित करना तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों में ओडिशा के उत्पादों के लिए व्यापक अवसर सृजित करना है।
इस अवसर पर स्वतंत्र आवासीय आयुक्त श्रीमती रितु अरोड़ा, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक श्री संजय कुमार बिस्वाल और अतिरिक्त आवासीय आयुक्त श्रीमती सुचरिता सारंगी उपस्थित थे। अन्य उपस्थित अधिकारियों में संयुक्त निदेशक श्री संतोष कुमार महंती, उप निदेशक-सह-नोडल अधिकारी, ओडिशा पवेलियन, आईआईटीएफ, श्री अश्विनी भोई, सहायक निदेशक (क्षेत्र) श्री दीपक कुमार साहू, सहायक निदेशक (सोशल मीडिया) श्री बिनायका मिश्रा, एपीआईओ श्री हर प्रसाद महापात्र तथा ओडिशा सरकार के विभिन्न सहभागी विभागों एवं एजेंसियों के नोडल अधिकारी शामिल थे।
ओडिशा पवेलियन 14 से 27 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम स्थित हॉल-3 में आगंतुकों के लिए खुला रहेगा। इस दौरान आगंतुकों को राज्य की सांस्कृतिक समृद्धि, पारंपरिक उत्कृष्टता, उत्पादन क्षमता और उभरती विकास संभावनाओं को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
आईआईटीएफ-2026 में अपनी सहभागिता के माध्यम से ओडिशा एक ऐसे राज्य की प्रभावशाली विकास गाथा प्रस्तुत कर रहा है, जो अपनी गौरवशाली विरासत से शक्ति प्राप्त करते हुए समृद्ध, समावेशी और सतत भविष्य की ओर अग्रसर है।

Share this news

About desk

Check Also

cyclone

बंगाल की खाड़ी में फिर चक्रवात का खतरा मंडराया

नया चक्रवाती सिस्टम सक्रिय 15 नवंबर तक डिप्रेशन में बदलने की संभावना दक्षिण अंडमान सागर …