-
फुलबणी में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज, जी उदयगिरि में 12.5 और दारिंगबाड़ी में 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज
-
कोरापुट और राउरकेला में घने कोहरे का असर
भुवनेश्वर। ओडिशा में सर्दी ने दस्तक दे दी है। राज्य के आंतरिक जिलों और पहाड़ी इलाकों में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। कई स्थानों पर रात और सुबह के समय ठंड का एहसास बढ़ गया है। भुवनेश्वर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से शनिवार को जारी मौसम बुलेटिन के अनुसार, राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान कोरापुट जिले के सेमिलिगुड़ा (एएमएफयू) में 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जी उदयगिरि में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
मैदानी इलाकों में फुलबाणी सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसी तरह कंधमाल जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल दारिंगबाड़ी में 13.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। चिपिलिमा में 14.4 और कोरापुट में 14.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहा। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि राज्य के पहाड़ी और आंतरिक क्षेत्रों में सर्दी का प्रभाव धीरे-धीरे बढ़ रहा है।
रात में ठंड, दिन में गर्मी का एहसास
एक ओर रात के तापमान में गिरावट के कारण सुबह और देर रात ठंड बढ़ रही है, वहीं दिन के समय धूप निकलने से मौसम अपेक्षाकृत गर्म बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान पारलाखेमुंडी में 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे के दौरान ओडिशा के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई।
सुबह कोहरे का असर भी देखने को मिला
तापमान में गिरावट के साथ राज्य के कई हिस्सों में सुबह कोहरे का असर भी देखने को मिला। कोरापुट और राउरकेला में घना कोहरा छाया रहा, जहां दृश्यता घटकर 50 से 200 मीटर के बीच पहुंच गई। वहीं झारसुगुड़ा और फुलबाणी में हल्का कोहरा दर्ज किया गया। इन इलाकों में दृश्यता 500 से 1,000 मीटर के बीच रही। सुबह के समय वाहन चालकों और यात्रियों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
भुवनेश्वर-कटक में सुहावना रहा मौसम
राज्य की राजधानी भुवनेश्वर और कटक में भी मौसम सुहावना बना हुआ है। भुवनेश्वर में अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कटक में अधिकतम तापमान 30.6 और न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाओं का प्रभाव धीरे-धीरे बढ़ रहा है। इसके चलते आने वाले दिनों में राज्य के आंतरिक और पहाड़ी जिलों में रात के तापमान में और गिरावट आने तथा ठंड का असर तेज होने की संभावना है। फिलहाल राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
