-
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाखों परिवारों को मिला लाभ
-
वर्ष 2014-15 से अब तक ओडिशा में 41 लाख से अधिक ग्रामीण आवासों का निर्माण
-
ओडिशा के हर गरीब परिवार को मिलेगा पक्का घर : मुख्यमंत्री माझी
बलांगीर। ओडिशा में हर गरीब परिवार को पक्का मकान उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षित और पक्का आवास ही विकसित राज्य की मजबूत नींव है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बलांगीर में आयोजित एक बड़े ग्रामीण आवास कार्यक्रम में यह बात कही। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (पीएमएवाई-जी) के तहत लाभार्थियों को आवास वितरण की प्रक्रिया का शुभारंभ किया तथा जिले के लिए लगभग 911 करोड़ रुपये की 248 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पक्का मकान केवल ईंट और सीमेंट से बनी इमारत नहीं है, बल्कि यह गरीब परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य का प्रतीक है। सरकार का प्रयास है कि कच्चे मकानों में रहने वाले प्रत्येक परिवार को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2014-15 से अब तक ओडिशा में 41 लाख से अधिक ग्रामीण आवासों का निर्माण किया जा चुका है। इनमें पिछले दो वर्षों के दौरान 5.66 लाख मकान बनाए गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ओडिशा को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत 28.06 लाख मकान स्वीकृत किए गए थे, जिनमें से 25.58 लाख मकानों का निर्माण पूरा हो चुका है। इन आवासों में शौचालय, पाइप के माध्यम से पेयजल, रसोई गैस और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। हालिया सर्वेक्षण के बाद राज्य के लिए एक लाख अतिरिक्त मकानों को मंजूरी दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आवास योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों के जीवन स्तर में व्यापक बदलाव आ रहा है।
पीएम-सूर्य घर योजना व कृषि पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर
उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंहदेव ने ग्रामीण आवास योजना को पीएम-सूर्य घर योजना से जोड़कर घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने तथा कृषि पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
पांच महीने के भीतर आवास पूरा करने पर अतिरिक्त सहायता – रवि नारायण
पंचायती राज एवं पेयजल मंत्री रवि नारायण नायक ने बताया कि निर्धारित समय में मकान पूरा करने वाले लाभार्थियों को प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। पांच महीने के भीतर आवास पूरा करने पर 35 हजार रुपये और सात महीने के भीतर निर्माण पूरा करने पर 20 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता दी जाती है। इस व्यवस्था से अब तक 11.35 लाख से अधिक लाभार्थियों को फायदा पहुंचा है।
चिकित्सा सुविधाओं के बड़े केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है बलांगीर – मुकेश महालिंग
स्वास्थ्य मंत्री डॉ मुकेश महालिंग ने कहा कि बलांगीर तेजी से चिकित्सा सुविधाओं के बड़े केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा बुनियादी ढांचे का विस्तार किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर उपचार सुविधाएं मिल सकेंगी।
248 परियोजनाओं से बदलेगी बलांगीर की तस्वीर
मां पाटनेश्वरी पीठ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बलांगीर जिले के लिए 911 करोड़ रुपये की 248 विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इनमें 176 करोड़ रुपये की लागत वाली 160 परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया, जबकि 735 करोड़ रुपये की 88 परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई। इन परियोजनाओं में स्वास्थ्य सेवाओं, सिंचाई, ग्रामीण सड़कों और शैक्षणिक बुनियादी ढांचे से संबंधित कार्य शामिल हैं।
कार्यक्रम में बलांगीर की सांसद संगीता सिंहदेव, कांटाबांजी के विधायक लक्ष्मण बाग, टिटिलागढ़ के विधायक नवीन कुमार जैन, पंचायती राज विभाग की आयुक्त-सह-सचिव रूपा मिश्रा और बलांगीर के जिलाधिकारी गौरव शिवाजी ईश्वर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
