-
कहा-भारत का लक्ष्य केवल आर्थिक अथवा सामरिक महाशक्ति बनना नहीं
-
विश्व कल्याण का मार्ग दिखाने वाला विश्वगुरु बनना होना चाहिए लक्ष्य
भुवनेश्वर। योग केवल शारीरिक व्यायाम अथवा स्वास्थ्य और मानसिक शांति प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि शरीर से आत्मा और व्यक्ति से परमात्मा तक की यात्रा का मार्ग है। यह मनुष्य में आत्मसंयम, अनुशासन और आध्यात्मिक चेतना विकसित करने के साथ प्रकृति तथा संपूर्ण सृष्टि के साथ सामंजस्य स्थापित करने की प्रेरणा देता है। भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की यह अमूल्य देन आज पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक है।
यह बातें भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने उत्कल विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित योग महोत्सव समिति, ओडिशा के वार्षिक समारोह को संबोधित करते हुए कहीं।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में त्रिवेदी ने कहा कि किसी राष्ट्र की वास्तविक प्रगति केवल आर्थिक समृद्धि, भौतिक विकास और वैज्ञानिक उपलब्धियों से निर्धारित नहीं होती। इसके लिए ऐसी आध्यात्मिक दृष्टि भी आवश्यक है, जो मनुष्य, समाज, प्रकृति और संपूर्ण सृष्टि के बीच संतुलन स्थापित करे। भारतीय संस्कृति का मूल दर्शन समस्त मानवता के कल्याण और प्रकृति के साथ सहअस्तित्व पर आधारित है। भारत का लक्ष्य केवल आर्थिक अथवा सामरिक महाशक्ति बनना नहीं, बल्कि अपने ज्ञान, संस्कृति और जीवन-मूल्यों के माध्यम से विश्व कल्याण का मार्ग दिखाने वाला विश्वगुरु बनना होना चाहिए।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भारत की सांस्कृतिक कूटनीति की उपलब्धि
त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री द्वारा संयुक्त राष्ट्र महासभा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे 177 देशों का समर्थन मिला। इसमें 40 से अधिक मुस्लिम देशों की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। इससे साबित हुआ कि योग किसी देश, धर्म अथवा समुदाय तक सीमित नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के कल्याण से जुड़ी सार्वभौमिक जीवन पद्धति है।
उन्होंने न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें लगभग 140 देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया था। आज दुनिया के विभिन्न देशों में योग और ध्यान को स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन तथा तनाव प्रबंधन के प्रभावी माध्यम के रूप में स्वीकार किया जा रहा है।
उन्होंने ओडिशा में योग के प्रचार-प्रसार के लिए योग महोत्सव समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य के लगभग 11 हजार स्थानों तक योग और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का संदेश पहुंचाना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। योग को केवल वार्षिक आयोजन तक सीमित रखने के बजाय जनजीवन का हिस्सा बनाने की आवश्यकता है।
योग के आठ अंगों में निहित है संपूर्ण व्यक्तित्व विकास
योग के वास्तविक स्वरूप की व्याख्या करते हुए त्रिवेदी ने कहा कि भारतीय दर्शन में योग का अर्थ शारीरिक व्यायाम से कहीं अधिक व्यापक है। अष्टांग योग के आठ अंग-यम, नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, ध्यान और समाधि-मनुष्य के संपूर्ण व्यक्तित्व के विकास का क्रम प्रस्तुत करते हैं।
आत्मसंयम और अनुशासन से होती है योग की शुरुआत
उन्होंने कहा कि योग की शुरुआत आत्मसंयम और अनुशासन से होती है। आसन और प्राणायाम शरीर तथा श्वास पर नियंत्रण विकसित करते हैं, जबकि प्रत्याहार, धारणा और ध्यान मन को एकाग्र करने में सहायता करते हैं। इसका अंतिम लक्ष्य समाधि के माध्यम से आत्मिक चेतना के उच्च स्तर तक पहुंचना है। इसलिए योग को केवल कुछ आसनों और शारीरिक गतिविधियों तक सीमित करना भारतीय दर्शन की व्यापक अवधारणा को संकुचित करना होगा।
योग और ध्यान की उपयोगिता स्वीकार रहा है आधुनिक विज्ञान
त्रिवेदी ने कहा कि आधुनिक विज्ञान भी योग, ध्यान और मानसिक स्वास्थ्य के विभिन्न पहलुओं का अध्ययन कर रहा है। उन्होंने हार्वर्ड और ऑक्सफोर्ड जैसे प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में इस विषय पर हुए अध्ययनों का उल्लेख करते हुए कहा कि योग और ध्यान तनाव प्रबंधन, मानसिक संतुलन तथा समग्र स्वास्थ्य के लिए उपयोगी हो सकते हैं।
उन्होंने अमेरिकी वैज्ञानिक कैंडेस पर्ट की ‘मॉलिक्यूल्स ऑफ इमोशन’ अवधारणा का उल्लेख करते हुए कहा कि मनुष्य की भावनाओं और मानसिक स्थिति का शरीर की जैविक प्रक्रियाओं से गहरा संबंध है। भारतीय ज्ञान परंपरा में जिन विषयों का उल्लेख प्राचीन काल से मिलता रहा है, आधुनिक विज्ञान आज उनके विभिन्न पहलुओं को शोध के माध्यम से समझने का प्रयास कर रहा है।
प्रकृति के साथ सहअस्तित्व भारतीय संस्कृति की विशेषता
भारतीय संस्कृति में प्रकृति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि पृथ्वी, जल, वायु, नदियों, पर्वतों, जंगलों और जीव-जंतुओं के प्रति सम्मान भारतीय जीवन-दर्शन का अभिन्न हिस्सा है। अथर्ववेद के पृथ्वी सूक्त में पृथ्वी को माता और मनुष्य को उसकी संतान बताया गया है। यह विचार प्रकृति के संरक्षण और उसके साथ सहअस्तित्व का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि आज दुनिया जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर चिंतित है, जबकि भारतीय संस्कृति में प्रकृति के संतुलित उपयोग और संरक्षण की अवधारणा सदियों से विद्यमान है। उन्होंने वर्ष 1972 के स्टॉकहोम सम्मेलन में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा पृथ्वी सूक्त का उल्लेख किए जाने तथा वर्ष 1992 के रियो पृथ्वी सम्मेलन का भी संदर्भ दिया।
वनवासी समाज को भारतीय सभ्यता का अभिन्न अंग बताते हुए त्रिवेदी ने कहा कि रामायण और महाभारत सहित भारतीय धार्मिक परंपराओं में वन और वनवासी जीवन का विशेष महत्व रहा है। अरण्य और उपनिषद भारतीय ज्ञान, साधना तथा आध्यात्मिक चिंतन के महत्वपूर्ण केंद्र रहे हैं।
ओडिशा की सांस्कृतिक विरासत समन्वय का प्रतीक
ओडिशा की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह भूमि भारतीय सभ्यता और आध्यात्मिक समन्वय की अद्भुत मिसाल है। भुवनेश्वर के मंदिरों में शैव और वैष्णव परंपराओं का समन्वय, कोणार्क सूर्य मंदिर की स्थापत्य कला और पुरी के श्रीजगन्नाथ मंदिर की परंपरा भारतीय सांस्कृतिक एकात्मता को प्रदर्शित करती है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर ओडिशा की सांस्कृतिक विरासत को प्रमुखता से प्रस्तुत किया है। वर्ष 2023 में जी-20 से जुड़े आयोजनों में कोणार्क सूर्य मंदिर की छवि का प्रदर्शन राज्य की ऐतिहासिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास था।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
