Home / Odisha / स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं नर्सिंग कर्मचारी – गोलक महापात्र

स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं नर्सिंग कर्मचारी – गोलक महापात्र

  •          कहा-नर्सिंग सेवा केवल पेशा नहीं, मानवता की सेवा है

  •          7,000 से अधिक नर्सिंग कर्मचारियों की नियुक्ति पर मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री का जताया आभार

  •          वनएकॉन 2026 राज्यस्तरीय नर्सिंग सम्मेलन में शामिल हुए वरिष्ठ भाजपा नेता

भुवनेश्वर। स्वस्थ समाज के निर्माण और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता में नर्सिंग कर्मचारियों की भूमिका को सर्वोपरि बताते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता गोलक महापात्र ने कहा कि नर्सिंग सेवा महज एक पेशा नहीं, बल्कि संवेदना, करुणा, त्याग और मानवता के प्रति समर्पण का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में मरीजों के उपचार से लेकर उनकी पीड़ा कम करने, उनमें विश्वास जगाने और जीवन के प्रति नई उम्मीद पैदा करने तक नर्सिंग कर्मचारी स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूत रीढ़ हैं। उनके अथक परिश्रम और सेवाभाव के बिना सुदृढ़ एवं संवेदनशील स्वास्थ्य व्यवस्था की कल्पना भी नहीं की जा सकती।

ओडिशा में 7,000 से अधिक नर्सिंग कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए वरिष्ठ भाजपा नेता गोलक महापात्र ने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ मुकेश महालिंग के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का यह कदम स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित करेगा।

भुवनेश्वर स्थित रेल ऑडिटोरियम में ओडिशा नर्सिंग एम्प्लॉइज एसोसिएशन की ओर से आयोजित राज्यस्तरीय नर्सिंग सम्मेलन वनएकॉन 2026 में शामिल होकर गोलक महापात्र ने नर्सिंग कर्मचारियों की सेवाओं, समर्पण और मानवता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की।

इस सम्मेलन में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ मुकेश महालिंग ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सहभागिता की। इस अवसर पर कटक शिशु भवन के अधीक्षक सुनील कुमार अग्रवाल, नर्सिंग एसोसिएशन के सलाहकार उपेंद्रनाथ ओझा, अध्यक्ष सुचिस्मिता दास, सचिव अश्विनी कुमार दास, नर्सिंग निदेशक डॉ राजेंद्र पाणिग्राही तथा एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ शिव प्रसाद पटनायक सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और नर्सिंग कर्मचारी उपस्थित थे।

नर्सिंग सेवा केवल पेशा नहीं, मानवता की सेवा है

सम्मेलन को संबोधित करते हुए गोलक महापात्र ने कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा, करुणा और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण है। मरीजों के उपचार में डॉक्टरों की भूमिका जितनी महत्वपूर्ण है, उतनी ही अहम भूमिका नर्सिंग अधिकारियों की भी होती है। मरीजों की देखभाल, सहानुभूति और आत्मीयता के माध्यम से नर्सिंग कर्मचारी उन्हें शारीरिक उपचार के साथ मानसिक संबल भी प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ और गुणवत्तापूर्ण बनाने में नर्सिंग कर्मचारी अनिवार्य भूमिका निभाते हैं। बदलते स्वास्थ्य सेवा परिवेश में नर्सिंग कर्मचारियों के कौशल विकास, आधुनिक तकनीक के उपयोग, बेहतर कार्य वातावरण और मरीजों को केंद्र में रखकर सेवाएं प्रदान करने पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।

वनएकॉन 2026 अनुभव और ज्ञान के आदान-प्रदान का मंच

गोलक महापात्र ने कहा कि वनएकॉन 2026 जैसे राज्यस्तरीय सम्मेलन नर्सिंग क्षेत्र से जुड़े कर्मचारियों को अपने अनुभव साझा करने, नई तकनीकों की जानकारी प्राप्त करने और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए नए विचारों पर चर्चा करने का अवसर प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजन नर्सिंग पेशे की गुणवत्ता और कार्यक्षमता बढ़ाने में सहायक हैं।

नर्सिंग नियुक्तियों से अस्पतालों को मिलेगी मजबूती

राज्य सरकार की ओर से 7,000 से अधिक नर्सिंग कर्मचारियों की नियुक्ति के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इससे अस्पतालों में मानव संसाधन की कमी दूर करने में मदद मिलेगी। नर्सिंग कर्मचारियों की संख्या बढ़ने से मौजूदा स्वास्थ्यकर्मियों पर काम का दबाव कम होगा और मरीजों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

उन्होंने इस महत्वपूर्ण कदम के लिए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मुकेश महालिंग को धन्यवाद देते हुए कहा कि राज्य की स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था को मजबूत बनाने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है।

अंत में उन्होंने नर्सिंग क्षेत्र से जुड़े सभी कर्मचारियों के त्याग, समर्पण और सेवाभाव के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि स्वस्थ, समृद्ध और सशक्त ओडिशा के निर्माण में नर्सिंग कर्मचारियों का योगदान हमेशा महत्वपूर्ण रहेगा।

Share this news

About desk

Check Also

औषधीय पौधों के संरक्षण और जनजातीय ज्ञान के दस्तावेजीकरण के लिए पखझोला पहुंचे केंद्रीय मंत्रालय और वैज्ञानिक संस्थानों के अधिकारी

भुवनेश्वर । जनजातीय समुदायों के पारंपरिक ज्ञान को वैज्ञानिक अनुसंधान से जोड़ने की पहल के …