-
बलांगीर में दो ब्लॉकस्तरीय मत्स्य एवं पशुधन मेले में शामिल हुए मंत्री, प्रगतिशील किसानों को किया सम्मानित
भुवनेश्वर, ओडिशा के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मुकेश महालिंग ने शुक्रवार को बलांगीर जिले के आगलपुर और लोइसिंहा ब्लॉक में आयोजित ब्लॉकस्तरीय मत्स्य एवं पशुधन मेला-2026 में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने कृषि, मत्स्य पालन और पशुपालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल करने वाले प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया।
आगलपुर ब्लॉक के डुडुका स्थित पल्लीश्री स्टेडियम में आयोजित मेले को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था के विकास और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने में मत्स्य पालन एवं पशुधन विकास की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि ऐसे मेलों के माध्यम से स्थानीय किसानों को आधुनिक तकनीक, उन्नत पशुपालन पद्धतियों तथा राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मिलती है। उन्होंने किसानों से संवाद कर उनकी समस्याओं और विकास की संभावनाओं पर चर्चा की तथा वैज्ञानिक एवं आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने पर जोर दिया।
इसके बाद मंत्री ने लोइसिंहा ब्लॉक में आयोजित ब्लॉकस्तरीय मत्स्य एवं पशुधन मेले का उद्घाटन किया। उन्होंने विभिन्न प्रदर्शनी स्टालों का निरीक्षण किया और स्थानीय किसानों तथा पशुपालकों से बातचीत की।
इस अवसर पर डॉ. महालिंग ने कहा कि मत्स्य पालन और पशुपालन किसानों की आय बढ़ाने तथा उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार पशुधन क्षेत्र के विकास और पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं और सहायता से क्षेत्र के अनेक मछुआरे एवं पशुपालक लाभान्वित हो रहे हैं और आत्मनिर्भर बनकर राज्य की अर्थव्यवस्था तथा विकास में योगदान दे रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि किसानों और पशुपालकों को आत्मनिर्भर बनाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण हैं।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
