-
आंध्र प्रदेश में टकराने की संभावना
-
19 नवंबर की रात या 20 नवंबर की सुबह कावली और मछलीपट्टनम के बीच हो सकता है लैंडफॉल
-
ओडिशा के दक्षिणी जिलों में भारी बारिश के आसार
-
दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में नया निम्न दबाव का क्षेत्र बना
भुवनेश्वर। बंगाल की खाड़ी में एक और चक्रवाती तूफान बनने की संभावना प्रबल हो गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में नया निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया है, जो उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। अगले 24 घंटों के दौरान इसके और अधिक सक्रिय होने तथा 15 नवंबर तक डिप्रेशन में तब्दील होने की संभावना है।
मौसम विभाग के विस्तारित पूर्वानुमान के अनुसार, वैश्विक मौसम मॉडल इस सिस्टम के आगे चलकर चक्रवाती तूफान का रूप लेने के संकेत दे रहे हैं। यदि ऐसा होता है तो यह उत्तर-पूर्व मानसून के मौजूदा मौसम का तीसरा चक्रवाती तूफान होगा। हालांकि, इसके संभावित मार्ग और तट से टकराने के स्थान को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि सिस्टम के अवदाब में तब्दील होने के बाद ही इसकी दिशा और प्रभाव को लेकर अधिक स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
19-20 नवंबर को लैंडफॉल का अनुमान
प्रख्यात मौसम वैज्ञानिक डॉ शरत चंद्र साहू के आकलन के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय यह सिस्टम अवदाब अथवा डीप डिप्रेशन में बदल सकता है और इसके चक्रवाती तूफान में विकसित होने की प्रबल संभावना है। उनके अनुमान के मुताबिक, यह तूफान 19 नवंबर की रात अथवा 20 नवंबर की सुबह आंध्र प्रदेश के कावली और मछलीपट्टनम के बीच तट से टकरा सकता है।
ओडिशा में 17 नवंबर से बदल सकता है मौसम
इस मौसम प्रणाली का असर ओडिशा में भी दिखाई देने की संभावना है। डॉ साहू के अनुसार, 17 और 18 नवंबर के आसपास गंजाम, गजपति और पुरी सहित तटीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, 19 से 21 नवंबर के बीच बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है।
विशेष रूप से दक्षिणी ओडिशा के कोरापुट, नवरंगपुर, मालकानगिरि, रायगड़ा और गजपति जिलों में व्यापक बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की आशंका है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान और विशेषज्ञों के आकलन में अंतर
हालांकि, भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले सात दिनों तक ओडिशा में मुख्य रूप से शुष्क मौसम बने रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। दूसरी ओर, स्वतंत्र मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि 17-18 नवंबर से राज्य के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
फिलहाल चक्रवात की दिशा, तीव्रता और संभावित प्रभाव को लेकर स्थिति विकसित हो रही है। ऐसे में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम विभाग की ओर से जारी होने वाले ताजा बुलेटिन पर नजर रखना जरूरी होगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
