Home / Odisha / औषधीय पौधों के संरक्षण और जनजातीय ज्ञान के दस्तावेजीकरण के लिए पखझोला पहुंचे केंद्रीय मंत्रालय और वैज्ञानिक संस्थानों के अधिकारी

औषधीय पौधों के संरक्षण और जनजातीय ज्ञान के दस्तावेजीकरण के लिए पखझोला पहुंचे केंद्रीय मंत्रालय और वैज्ञानिक संस्थानों के अधिकारी

भुवनेश्वर । जनजातीय समुदायों के पारंपरिक ज्ञान को वैज्ञानिक अनुसंधान से जोड़ने की पहल के तहत केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय, सीएसआईआर-राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान (एनबीआरआई), लखनऊ और केंद्रीय ओडिशा विश्वविद्यालय (सीयूओ) के अधिकारियों की टीम ने शुक्रवार को कोरापुट जिले के सेमिलीगुड़ा ब्लॉक स्थित पखझोला गांव का दौरा किया। इस दौरान टीम ने स्थानीय ग्रामीणों, पारंपरिक वैद्यों और औषधीय पौधों के जानकारों से संवाद कर उनके पारंपरिक उपचार तरीकों एवं वनस्पति संबंधी ज्ञान की जानकारी ली।

टीम में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय के अपर सचिव मनीष ठाकुर, सीयूओ के कुलपति प्रो. (डॉ.) अजीत कुमार शासनी, सीएसआईआर-एनबीआरआई के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं परियोजना के प्रधान अन्वेषक डॉ. शरद श्रीवास्तव सहित मंत्रालय, वैज्ञानिक संस्थानों और विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि शामिल थे।

इस अवसर पर मनीष ठाकुर ने कहा कि जनजातीय समुदायों के पास औषधीय पौधों और उनके उपयोग को लेकर बहुमूल्य पारंपरिक ज्ञान है। इस ज्ञान का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण और वैज्ञानिक प्रमाणीकरण आवश्यक है। इससे देशभर के साथ-साथ ओडिशा के जनजातीय समुदायों को भी लाभ मिलेगा।

वहीं, सीयूओ के कुलपति प्रो. अजीत कुमार शासनी ने कहा कि विश्वविद्यालय मंत्रालय, सीएसआईआर-एनबीआरआई और जनजातीय समुदायों के बीच सेतु की भूमिका निभाएगा। पीढ़ियों से संरक्षित पारंपरिक ज्ञान का दस्तावेजीकरण करने के साथ दुर्लभ औषधीय पौधों के संरक्षण के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।

परियोजना के तहत 200 से 300 औषधीय पौधों की प्रजातियों का दस्तावेजीकरण, 30 से 40 दुर्लभ एवं संकटग्रस्त पौधों के संवर्धन की तकनीक विकसित करने तथा एक विशेष जीवंत संरक्षण केंद्र स्थापित करने की योजना है। इसके अलावा 16 सामुदायिक पौधशालाएं और 16 बीज बैंक स्थापित किए जाएंगे। जनजातीय समुदायों को प्रशिक्षण और तकनीकी सहयोग देकर जैव संसाधनों पर आधारित आजीविका के अवसर भी विकसित किए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्रालय और सीएसआईआर-एनबीआरआई के संयुक्त तत्वावधान में 12 नवंबर को केंद्रीय ओडिशा विश्वविद्यालय परिसर में ‘जनजातीय हॉटस्पॉट में टिकाऊ जनजातीय आजीविका के लिए एकीकृत संरक्षण, कृषि प्रौद्योगिकी एवं जैव संसाधन उद्यम विकास‘ परियोजना का शुभारंभ किया गया था। यह राष्ट्रीय परियोजना देश के 13 राज्यों के 16 चिन्हित जनजातीय हॉटस्पॉट में संचालित होगी।

दो दिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य पारंपरिक औषधीय ज्ञान का संरक्षण, स्थानीय जैव संसाधनों की पहचान तथा उनके वैज्ञानिक संवर्धन और टिकाऊ उपयोग को बढ़ावा देना है।

Share this news

About desk

Check Also

आधुनिक युग के अद्वितीय प्रेक्षण वैज्ञानिक थे सर सीवी रमन : डॉ. सरोज पात्र

सर चंद्रशेखर वेंकट रमन की स्मृति में आईएपीटी, आरसी-16 के तत्वावधान में बारीपदा में व्याख्यान …