-
नहाय-खाय के साथ शुरू हुई चार दिवसीय पूजा
-
खरना आज, कल अस्ताचलगामी सूर्य को दिया जाएगा पहला अर्घ्य
-
भुवनेश्वर और कटक समेत ओडिशा के विभिन्न शहरों में छठ घाटों पर तैयारियां पूरी
भुवनेश्वर। प्रकृति उपासना, लोकआस्था और सूर्य आराधना के चार दिवसीय महापर्व छठ का शुभारंभ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हो गया। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर, कटक समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में हिन्दीभाषी समाज के लोगों के बीच छठ पूजा को लेकर उत्साह और श्रद्धा का माहौल है। छठव्रतियों ने पवित्र स्नान और घरों की साफ-सफाई के साथ व्रत का संकल्प लिया। वहीं, विभिन्न छठ पूजा समितियों की ओर से महानदी तथा कुआखाई घाटों की साफ-सफाई, सजावट, रोशनी और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
छठ पर्व के पहले दिन नहाय-खाय का विशेष महत्व है। यह दिन शारीरिक और मानसिक शुद्धता के साथ स्वच्छता एवं पवित्रता का प्रतीक माना जाता है। छठव्रती इस दिन स्नान कर अपने घरों और पूजा स्थल की विशेष साफ-सफाई करते हैं। इसके बाद पूरी सात्विकता के साथ अरवा चावल का भात, चने की दाल और लौकी की सब्जी का प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसी परंपरा के तहत शुक्रवार को भुवनेश्वर के एक नंबर हाट सहित विभिन्न बाजारों में लौकी और छठ पूजा से जुड़ी सामग्री खरीदने के लिए लोगों की भीड़ देखी गई। लौकी की खरीदारी के लिए दुकानों पर लंबी कतारें लगी रहीं।
शनिवार से 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू
छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना मनाया जाएगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ से बनी खीर, रोटी और अन्य पारंपरिक प्रसाद ग्रहण करेंगे। खरना के साथ ही छठव्रतियों का लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा।
रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य
रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा, जबकि सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को दूसरा अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।
भुवनेश्वर में बिस्वास और कटक में कटक महानगर छठपूजा समिति ने छठ पूजा के आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। घाटों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पूजा स्थलों की सजावट, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। समितियों के सदस्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे रहे, ताकि छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। राज्य के अन्य शहरों और कस्बों में भी छठ पूजा को लेकर तैयारियां की गई हैं।
इस बीच, बिस्वास परिवार, भुवनेश्वर के सौजन्य से राजधानी में हिन्दीभाषी छठव्रती पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ महापर्व मना रहे हैं। बिस्वास परिवार की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, छठ पूजा के अवसर पर सामाजिक सेवा और जरूरतमंदों की सहायता को भी विशेष महत्व दिया जा रहा है। मान्यता है कि नहाय-खाय के दिन गरीबों, जरूरतमंदों और ब्राह्मणों को दान देने तथा जरूरतमंदों को गर्म कपड़े उपलब्ध कराने से पुण्य की प्राप्ति होती है।
राज्यपाल भी राजभवन में मना रहे छठ महापर्व
बिस्वास परिवार के प्रतिनिधियों के अनुसार, ओडिशा के राज्यपाल ब्रजमोहन राम भी भुवनेश्वर स्थित राजभवन में छठ महापर्व मना रहे हैं। प्रतिनिधियों को राज्यपाल ने इसकी जानकारी दी और बताया कि पर्व के पहले दिन नहाय-खाय की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
ब्रजमोहन राम और धर्मेंद्र प्रधान ने दी शुभकामनाएं
राज्यपाल ब्रजमोहन राम और संबलपुर के सांसद धर्मेंद्र प्रधान ने छठ पूजा के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों सहित देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। दोनों नेताओं ने अपने सोशल मीडिया संदेशों के माध्यम से लोक आस्था के इस महापर्व की धार्मिक महत्ता और प्रकृति के प्रति श्रद्धा के भाव को रेखांकित किया।
राज्यपाल ब्रजमोहन राम ने अपने संदेश में कहा कि छठ पूजा के पावन अवसर पर हमें भक्ति, पवित्रता और प्रकृति एवं सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता की भावना का उत्सव मनाना चाहिए। उन्होंने कामना की कि छठी मैया सभी को सुख, समृद्धि और नई आशा का आशीर्वाद प्रदान करें।
वहीं, संबलपुर के सांसद धर्मेंद्र प्रधान ने छठ महापर्व के प्रथम अनुष्ठान ‘नहाय-खाय’ के अवसर पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि लोक आस्था, पवित्रता और प्रकृति के प्रति अटूट श्रद्धा का प्रतीक छठ पूजा भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने छठी मैया और भगवान सूर्यदेव से सभी पर अपनी कृपा बनाए रखने की प्रार्थना की।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
