-
मुख्य सचिव अनु गर्ग १४ नवंबर को भारत मंडपम में ओडिशा पवेलियन का करेंगी उद्घाटन
भुवनेश्वर/नई दिल्ली, नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने वाले ४५वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ)-२०२६ में ओडिशा अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प, उद्यमशीलता और उभरती आर्थिक क्षमता का प्रदर्शन करेगा। ओडिशा की मुख्य सचिव अनु गर्ग १४ नवंबर को भारत मंडपम के हॉल-३ में राज्य के पवेलियन का उद्घाटन करेंगी।
इस वर्ष मेले की विषयवस्तु ‘विकास और विरासत’ है। इसी के अनुरूप ओडिशा पवेलियन को ‘जहां विरासत विकास को प्रेरित करती है’ की अवधारणा पर तैयार किया गया है। इसमें राज्य की प्राचीन सभ्यता, समुद्री इतिहास, जगन्नाथ संस्कृति, पारंपरिक कला और आधुनिक आर्थिक विकास की झलक देखने को मिलेगी।
पवेलियन में संबलपुरी वस्त्र, सूती, टसर और रेशमी उत्पाद, पट्टचित्र, ताड़पत्र उत्कीर्णन, चांदी की तारकशी, ढोकरा शिल्प, पत्थर एवं लकड़ी की नक्काशी तथा एप्लिक कला सहित ओडिशा की प्रसिद्ध हथकरघा और हस्तशिल्प परंपराओं को प्रदर्शित किया जाएगा। चांदी की तारकशी, ढोकरा शिल्प, पत्थर की नक्काशी और पारंपरिक बुनाई का सजीव प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र होगा। इसके साथ ही ब्लॉकचेन तकनीक के माध्यम से हथकरघा बुनाई का प्रदर्शन पारंपरिक कला और आधुनिक तकनीक के समन्वय को दर्शाएगा।
महिला उद्यमिता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति के तहत स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को विशेष स्थान दिया जाएगा। इनमें सबई घास से बने उत्पाद, जनजातीय आभूषण, कागज की लुगदी से बनी कलाकृतियां, रागी आधारित खाद्य पदार्थ, तैयार खाद्य सामग्री, हथकरघा और हस्तशिल्प उत्पाद शामिल हैं।
इसी तरह, ओडिशा ग्रामीण विकास एवं विपणन संस्था के माध्यम से ग्रामीण उत्पादक संगठनों के उत्पादों का प्रदर्शन होगा। इनमें सुनहरी घास के शिल्प, मसाले, रागी उत्पाद, अचार, महुआ से बने उत्पाद, नारियल के रेशे से निर्मित वस्तुएं और पारंपरिक खाद्य पदार्थ शामिल हैं।
ओडिशा का सहकारी दुग्ध ब्रांड ओमफेड अपने दुग्ध उत्पादों के साथ कंधमाल की जैविक हल्दी भी प्रदर्शित करेगा। वहीं, राज्य का पर्यटन विभाग कोणार्क सूर्य मंदिर, पुरी के श्रीजगन्नाथ मंदिर, चिलिका झील, समुद्र तटों और जनजातीय संस्कृति सहित प्रमुख पर्यटन आकर्षणों को प्रस्तुत करेगा।
आईआईटीएफ-२०२६ में ओडिशा की भागीदारी केवल उत्पादों के प्रदर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक पहचान, आर्थिक संभावनाओं और विकास की आकांक्षाओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा। इसका उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों, महिला उद्यमियों और ग्रामीण उत्पादकों को नए बाजारों एवं व्यापक व्यावसायिक अवसरों से जोड़ना है।
इस पहल के माध्यम से ओडिशा अपनी समृद्ध विरासत को विकास के नए अवसरों से जोड़ते हुए एक ऐसे राज्य की छवि प्रस्तुत करेगा, जो अपनी सांस्कृतिक जड़ों को संरक्षित रखते हुए आधुनिकता, नवाचार और आर्थिक समृद्धि की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
