Home / Odisha / अति भीषण चक्रवात से गंजाम में बाढ़ पर सियासत गरमाई

अति भीषण चक्रवात से गंजाम में बाढ़ पर सियासत गरमाई

  •     भाजपा और बीजद आमने-सामने

  •     सुरेश पुजारी ने 24 वर्षों के बीजद शासन को ठहराया बाढ़ की समस्या के लिए जिम्मेदार

  •     नवीन पटनायक और बीजद नेत्री लेखाश्री सामंतसिंहार ने भाजपा सरकार की आपदा प्रबंधन व्यवस्था पर उठाए सवाल

  •     बांधों से पानी छोड़ने में देरी और एसओपी के उल्लंघन को लेकर बढ़ा विवाद

भुवनेश्वर। अति भीषण चक्रवात अर्णव के कारण ओडिशा के गंजाम जिले में हाल में आई भीषण बाढ़ को लेकर राज्य की राजनीति गरमा गई है। बाढ़ से जान-माल के नुकसान के बाद भाजपा और बीजू जनता दल (बीजद) के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक और बीजद नेता लेखाश्री सामंतसिंहार ने बाढ़ के लिए भाजपा सरकार की कथित लापरवाही और आपदा प्रबंधन के निर्धारित नियमों (एसओपी) का पालन नहीं करने को जिम्मेदार ठहराया है।

वहीं, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने गंजाम की बाढ़ को पिछले 24 वर्षों के बीजद शासन की नाकामी का परिणाम बताया है।

सुरेश पुजारी का बीजद पर पलटवार

गुरुवार को भुवनेश्वर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि बीजद ने अपने लगभग ढाई दशक के शासनकाल में बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए दीर्घकालिक और स्थायी व्यवस्था विकसित करने पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया। उन्होंने नवीन पटनायक के बाढ़ को मानव निर्मित संकट बताए जाने को खारिज करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार केवल राहत एवं बचाव कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि भविष्य में ऐसी आपदाओं का प्रभाव कम करने के लिए वैज्ञानिक और स्थायी समाधान पर काम कर रही है।

उन्होंने बताया कि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) सहित प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। बाढ़ के मूल कारणों का वैज्ञानिक आकलन, जल निकासी व्यवस्था में सुधार और नदियों के प्रबंधन को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जाएगा, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

पुजारी ने पूर्ववर्ती सरकार के आपदा प्रबंधन रिकॉर्ड पर भी सवाल उठाए

पुजारी ने बीजद शासनकाल के दौरान आए चक्रवात तितली में 72 और चक्रवात फणि में 65 लोगों की मौत का उल्लेख करते हुए पूर्ववर्ती सरकार के आपदा प्रबंधन रिकॉर्ड पर भी सवाल उठाए।

असाधारण बारिश से बिगड़े हालात

गंजाम में बाढ़ की स्थिति पर स्पष्टीकरण देते हुए मंत्री ने कहा कि चक्रवात अर्णव के अवशेषों के प्रभाव से हुई भारी बारिश के दौरान प्रशासन ने भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के अनुसार तैयारी की थी। हालांकि, 28 से 30 अक्टूबर के बीच असाधारण रूप से भारी बारिश ने पूरे क्षेत्र की स्थिति बिगाड़ दी।

तीन दिनों में गंजाम जिले में 337.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज

उन्होंने बताया कि तीन दिनों में गंजाम जिले में कुल 337.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि पात्रपुर प्रखंड में 808.4 मिलीमीटर बारिश हुई। इसमें 24 घंटे के दौरान ही 546 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जो पिछले 35 वर्षों में ओडिशा में एक दिन में हुई सर्वाधिक बारिश बताई गई। राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी के लिए राज्य सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में आठ मंत्रियों को तैनात किया था।

नवीन पटनायक ने सरकार को घेरा

इससे पहले नवीन पटनायक ने गंजाम की बाढ़ को मानव निर्मित संकट करार देते हुए राज्य सरकार की तैयारियों पर गंभीर सवाल उठाए थे। उनका आरोप था कि अधिकारियों ने बांधों के जलस्तर की चौबीसों घंटे निगरानी करने संबंधी निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया। भारी चक्रवाती बारिश शुरू होने के बाद जलाशयों से पानी छोड़ा गया, जिससे बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो गई तथा लोगों की जान-माल का नुकसान बढ़ा।

लेखाश्री ने बांधों से पानी छोड़ने में देरी का उठाया मुद्दा

बीजद नेता लेखाश्री सामंतसिंहार ने भी भाजपा सरकार पर आपदा प्रबंधन में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गंजाम में जान-माल का नुकसान सरकार की लापरवाही और बाढ़ प्रबंधन से जुड़े निर्धारित नियमों एवं एसओपी का पालन नहीं करने का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि रुषिकुल्या नदी में उफान आने से हजारों एकड़ कृषि भूमि और कई गांव जलमग्न हो गए। लेखाश्री के अनुसार, बारिश से पहले आसपास के छह बांधों में लगभग 80 प्रतिशत पानी भरा हुआ था, लेकिन समय रहते जल निकासी नहीं की गई। सरकार ने भारी बारिश के बाद पानी छोड़ने का फैसला किया, जिससे बाढ़ की स्थिति और भयावह हो गई।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संकट के समय मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव, आपदा प्रबंधन मंत्री और अन्य जिम्मेदार मंत्री प्रभावित क्षेत्रों में मौजूद नहीं थे। सरकार की ओर से अब अलग-अलग तरह के स्पष्टीकरण दिए जा रहे हैं, लेकिन जवाबदेही से बचा नहीं जा सकता।

विधानसभा में दस्तावेजों के साथ जवाब देने की चुनौती

बीजद के आरोपों को निराधार बताते हुए सुरेश पुजारी ने आगामी विधानसभा सत्र का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष को सरकार से सवाल पूछने का पूरा लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन आरोपों के समर्थन में आधिकारिक दस्तावेज और प्रमाण भी सदन में प्रस्तुत करने चाहिए। उन्होंने चुनौती दी कि बीजद विधायक अपने आरोपों को तथ्यों के साथ साबित करें। सरकार भी अपने जवाब में आधिकारिक आंकड़े और दस्तावेज पेश करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

आगामी विधानसभा सत्र में तीखी बहस के आसार

गंजाम की बाढ़ अब केवल प्राकृतिक आपदा और राहत कार्यों का विषय नहीं रह गई है, बल्कि राज्य की राजनीति में जवाबदेही और शासन की कार्यशैली को लेकर एक बड़ा मुद्दा बन गई है। आने वाले विधानसभा सत्र में इस पर भाजपा और बीजद के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

ओडिशा में रबी फसल बीमा के लिए पंजीकरण शुरू

    15 दिसंबर तक मिलेगा मौका     पांच एकड़ तक खेती करने वाले …