Home / Odisha /  चक्रवात अर्णव और बाढ़ से तबाही के बाद सरकार ने जारी किए 482.42 करोड़ रुपये
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

 चक्रवात अर्णव और बाढ़ से तबाही के बाद सरकार ने जारी किए 482.42 करोड़ रुपये

  •     छह प्रभावित जिलों में ग्रामीण बुनियादी ढांचे की मरम्मत और पुनर्निर्माण पर खर्च होगी राशि

  •     गंजाम को सर्वाधिक 306.54 करोड़ रुपये

  •     पंचायत एवं पेयजल विभाग को एसडीआरएफ से मिली धनराशि

भुवनेश्वर। चक्रवात अर्णव और उसके बाद हुई मूसलाधार बारिश एवं बाढ़ से प्रभावित ओडिशा के छह जिलों में पुनर्निर्माण और मरम्मत कार्यों को गति देने के लिए राज्य सरकार ने 482.42 करोड़ रुपये स्वीकृत किया है। यह राशि राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष (एसडीआरएफ) से पंचायत राज एवं पेयजल विभाग को आवंटित की गई है। इसके माध्यम से क्षतिग्रस्त ग्रामीण बुनियादी ढांचे की मरम्मत के साथ आवश्यक जनसुविधाओं को बहाल किया जाएगा।

इस प्राकृतिक आपदा से सबसे अधिक नुकसान गंजाम जिले में हुआ है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने जिले के लिए सर्वाधिक 306.54 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसके अलावा गजपति, कंधमाल, नुआपाड़ा, नवरंगपुर और रायगड़ा जिलों के लिए भी अलग-अलग राशि निर्धारित की गई है।

छह जिलों के लिए स्वीकृत राशि

सरकारी आवंटन के अनुसार, गंजाम को 306.54 करोड़ रुपये, गजपति को 109.97 करोड़ रुपये, कंधमाल को 42.57 करोड़ रुपये, नुआपाड़ा को 15.08 करोड़ रुपये और नबरंगपुर को 7.78 करोड़ रुपये दिए गए हैं। वहीं, रायगड़ा जिले के लिए 97.60 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

स्कूलों से लेकर ग्रामीण सड़कों तक होगी मरम्मत

स्वीकृत राशि से प्रभावित क्षेत्रों में स्कूल भवनों, आंगनबाड़ी केंद्रों, सामुदायिक भवनों और पंचायत कार्यालयों की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही ग्राम पंचायत और प्रखंड स्तर की ग्रामीण सड़कों, पुलों एवं पुलियों को दुरुस्त किया जाएगा।

स्वास्थ्य उपकेंद्रों, ग्रामीण पेयजल आपूर्ति परियोजनाओं और नलकूपों को भी इस पुनर्निर्माण योजना में शामिल किया गया है। सरकार का उद्देश्य प्रभावित गांवों में पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और आवागमन जैसी बुनियादी सुविधाओं को जल्द से जल्द सामान्य करना है।

राज्य सरकार के इस वित्तीय आवंटन से छह प्रभावित जिलों में आपदा के कारण क्षतिग्रस्त सार्वजनिक परिसंपत्तियों की बहाली का काम आगे बढ़ने की उम्मीद है। विशेष रूप से गंजाम और गजपति जैसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में ग्रामीण जीवन को सामान्य बनाने पर ध्यान दिया जाएगा।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

ओडिशा में रबी फसल बीमा के लिए पंजीकरण शुरू

    15 दिसंबर तक मिलेगा मौका     पांच एकड़ तक खेती करने वाले …