-
15 दिसंबर तक मिलेगा मौका
-
पांच एकड़ तक खेती करने वाले किसानों को मुफ्त फसल बीमा
-
धान समेत नौ फसलें योजना में शामिल
-
लोनी और गैर-लोनी किसानों के साथ बटाईदार भी कर सकेंगे आवेदन
भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार ने रबी 2026-27 सीजन के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई) के तहत किसानों का पंजीकरण शुरू कर दिया है। सहकारिता विभाग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, पात्र किसान 15 दिसंबर 2026 तक अपनी फसलों का बीमा करा सकते हैं। प्राकृतिक आपदाओं, प्रतिकूल मौसम और अन्य कारणों से फसल को होने वाले नुकसान की स्थिति में किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना इस योजना का उद्देश्य है।
रबी सीजन के लिए अधिसूचित क्षेत्रों में नौ फसलों को बीमा योजना के दायरे में रखा गया है। इनमें धान, आलू, प्याज, मूंग, उड़द, सरसों, मूंगफली, गन्ना और सूरजमुखी शामिल हैं। हालांकि, इन फसलों का बीमा उन्हीं क्षेत्रों में कराया जा सकेगा, जिन्हें संबंधित फसल के लिए अधिसूचित किया गया है।
पांच एकड़ तक किसानों को मुफ्त बीमा
राज्य सरकार ने किसानों को राहत देते हुए अधिकतम पांच एकड़ तक की भूमि के लिए मुफ्त फसल बीमा की व्यवस्था की है। इसके तहत किसान के हिस्से के प्रीमियम का भुगतान भी राज्य सरकार करेगी। केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी के साथ राज्य सरकार अपने हिस्से का योगदान भी देगी। किसानों को प्रत्येक भूखंड के लिए बैंक खाते के सत्यापन के उद्देश्य से केवल एक रुपये का सांकेतिक शुल्क देना होगा।
लोनी और गैर-लोनी किसानों के साथ बटाईदार भी पात्र
इस योजना के तहत ऋण लेने वाले किसानों (लोनी), बिना ऋण वाले किसानों (गैर-लोनी) और बटाईदार किसानों को भी आवेदन का अवसर दिया गया है। पंजीकरण के दौरान आधार कार्ड और एग्री-स्टैक किसान पहचान पत्र (फार्मर आईडी) अनिवार्य दस्तावेज होंगे।
कहां और कैसे कराएं पंजीकरण
ऋण लेने वाले किसान प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों (पैक्स), वृहद आदिवासी बहुउद्देशीय सहकारी समितियों (लैम्प्स) अथवा संबंधित बैंक शाखाओं के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं।
वहीं, गैर-ऋणी किसान कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी), सहकारी बैंक, वाणिज्यिक बैंक शाखाओं, अधिकृत बीमा मध्यस्थों और निर्धारित डिजिटल माध्यमों से स्वेच्छा से आवेदन कर सकते हैं।
किसानों को पंजीकरण, अधिसूचित क्षेत्रों और आवेदन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी के लिए निकटतम पैक्स, लैम्प्स, सहायक निबंधक सहकारी समितियां (एआरसीएस), उप निबंधक सहकारी समितियां (डीआरसीएस), जिला मुख्य कृषि अधिकारी (सीडीएओ) और प्रखंड कृषि अधिकारी (बीएओ) के कार्यालयों से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
15 दिसंबर से पहले अपना पंजीकरण पूरा कराएं
सहकारिता विभाग ने पात्र किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना 15 दिसंबर से पहले अपना पंजीकरण पूरा करा लें, ताकि रबी फसल के दौरान प्राकृतिक आपदाओं और संभावित नुकसान की स्थिति में उन्हें बीमा सुरक्षा मिल सके।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
