Home / Odisha / छात्र संघ चुनाव और महिला सुरक्षा को लेकर सतर्कता के निर्देश

छात्र संघ चुनाव और महिला सुरक्षा को लेकर सतर्कता के निर्देश

  •     डीजीपी विनयतोष मिश्र की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा

भुवनेश्वर। राज्य पुलिस मुख्यालय में मंगलवार को डीजीपी विनयतोष मिश्र की अध्यक्षता में जिला एसपी और रेंज आईजी/डीआईजी के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में आगामी 15 अक्टूबर को होने वाले छात्र संघ चुनाव, त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, अपराध नियंत्रण और ‘नशामुक्त ओडिशा अभियान’ सहित विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों की समीक्षा की गई।

छात्र संघ चुनाव को लेकर डीजीपी ने कहा कि छात्र एक संवेदनशील समुदाय हैं और उनके साथ पुलिस का नियमित एवं व्यक्तिगत संपर्क आवश्यक है। उन्होंने थाना प्रभारियों और एसडीपीओ को छात्र नेताओं के साथ बैठक कर शांतिपूर्ण चुनाव के लिए समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

डीजीपी ने कॉलेज परिसरों में बाहरी और असामाजिक तत्वों के प्रवेश पर रोक लगाने, छात्रावासों एवं मेस पर निगरानी रखने तथा छात्रों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने को कहा। उन्होंने कहा कि जहां हिंसा की आशंका नहीं है, वहां अनावश्यक रूप से पुलिस बल तैनात नहीं किया जाए। साथ ही, छात्रों द्वारा आयोजित भोज और अन्य कार्यक्रमों पर भी नजर रखने के निर्देश दिए।

चुनाव के दौरान बेहतर समन्वय के लिए जिलाधिकारियों, एसपी, उपजिलाधिकारियों और कॉलेज प्राचार्यों के बीच बैठक आयोजित करने की सलाह दी गई। डीजीपी ने चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद संभावित हिंसा को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए।

साइबर अपराध पर नियंत्रण के लिए उन्होंने साइबर पुलिस थानों की कार्यप्रणाली को और मजबूत करने तथा मामलों की जांच एवं कानूनी कार्रवाई को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए डीजीपी ने संवेदनशील मामलों की त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भुवनेश्वर में हाल में युवती के साथ हुई आपराधिक घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने राज्यभर में महिला सुरक्षा व्यवस्था की कड़ी निगरानी करने तथा आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

अपराध नियंत्रण के तहत आदतन और संगठित अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा एनडीपीएस अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया। डीजीपी ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ नियमित छापेमारी एवं जांच तेज करने और ‘नशामुक्त ओडिशा अभियान’ को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने मादक पदार्थों की तस्करी तथा आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ कठोर कार्रवाई के साथ एनडीपीएस अधिनियम के तहत अवैध गांजा खेती को नष्ट करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा।

बैठक में नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन और पुलिस बुनियादी ढांचे के विकास की भी समीक्षा की गई। डीजीपी ने पुलिस व्यवस्था को आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने पर बल दिया।

बैठक में एडीजीपी आधुनिकीकरण सौमेंद्र प्रियदर्शी, एडीजीपी रेलवे एवं तटीय सुरक्षा अरुण बोथरा, पुलिस आयुक्त भुवनेश्वर-कटक डॉ एस देवदत्त सिंह, एडीजीपी एसएपी राजेश कुमार, एडीजीपी मुख्यालय प्रतीक मोहंती, एडीजीपी एचआरपीसी यतीन्द्र कोएल, आईजी एसटीएफ हिमांशु लाल, आईजी अपराध शाखा डॉ सार्थक षाड़ंगी, आईजी प्राविजनिंग नीति शेखर, आईजी प्रशिक्षण अनूप साहू, डीआईजी एसटीएफ डॉ कंवर विशाल सिंह, डीआईजी एचआरपीसी राजेश पंडित, डीआईजी अपराध शाखा मडकर संदीप संपत, डीआईजी कार्मिक युगल किशोर कुमार बनोठ सहित राज्य के सभी रेंज आईजी/डीआईजी और जिलों के एसपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

Share this news

About desk

Check Also

बालेश्वर में बीजद छात्र नेता को हिरासत में लेने पर हंगामा

    पुलिस थाने में धरने पर बैठे पार्टी नेता    बीसीजेडी जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान …