-
शोधकर्ताओं, लेखकों और युवा पीढ़ी को एक मंच पर लाने की आवश्यकता पर जोर
भुवनेश्वर। श्रीजगन्नाथ चेतना के विभिन्न आयामों पर शोध, दस्तावेजीकरण तथा नई जानकारी और तथ्यों को प्रोत्साहित करने के लिए शोधकर्ताओं, लेखकों और युवा पीढ़ी को एक मंच पर लाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि श्रीजगन्नाथ संस्कृति और चेतना के व्यापक प्रचार-प्रसार से ओड़िया चेतना को वैश्विक स्तर पर नई पहचान और महत्व मिल सकता है।
ओड़िया वर्चुअल अकादमी के तत्वावधान में आयोजित श्रीजगन्नाथ चेतना संबंधी कार्यशाला में विभिन्न विद्वानों और विशेषज्ञों ने इन विषयों पर अपने विचार रखे। उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता करते हुए ओड़िया वर्चुअल अकादमी के सचिव तथा ओकाक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार राउत ने कहा कि तेजी से बदलते डिजिटल युग में युवा पीढ़ी को अपनी विरासत और संस्कृति से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में वर्चुअल अकादमी के डिजिटल मंच को और समृद्ध करने में यह कार्यशाला महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यशाला का संचालन संयोजक डॉ.कृष्णकेशव षडंगी और समन्वयक डॉ. भुवनानंद अधिकारी ने किया। कार्यशाला के दो सत्रों में श्रीजगन्नाथ तत्व के क्रमिक विकास, नवकलेवर, श्रीजी के विभिन्न वेश, महाप्रसाद, रथ निर्माण एवं प्रतिष्ठा विधि, श्रीजी की यानियात्रा, श्रीजगन्नाथ मंदिर का इतिहास, कला एवं स्थापत्य, नीतिकांति, सेवक परंपरा तथा विश्वभर में श्रीजगन्नाथ चेतना जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
इसके अलावा ओड़िया और संस्कृत साहित्य में श्रीजगन्नाथ, मठ संस्कृति, नृत्य एवं संगीत परंपरा में श्रीजगन्नाथ, विभिन्न कला एवं शिल्प में श्रीजगन्नाथ, विभिन्न विचारधाराओं और श्रीजगन्नाथ तथा श्रीक्षेत्र महात्म्य जैसे विषय भी चर्चा के केंद्र में रहे।
कार्यशाला में हरेकृष्ण प्रतिहारी, श्रीनिवास आचार्य, असित महांति, भास्कर मिश्रा, पूर्णचंद्र मिश्रा, पीतवास राउतराय, अभय कुमार नायक, कृष्णकेशव षाड़ंगी, बाबाजी चरण पटनायक, प्रेमानंद महापात्र, कृष्णचंद्र मिश्रा, विश्वनाथ सामंतराय, देवप्रसाद दाश, पूर्णचंद्र गोच्छिकार, नरेश चंद्र दाश, सुभाष चंद्र दाश, मृत्युंजय रथ, चिंतामणि बिश्वाल, पद्मनाभ त्रिपाठी, सनत सुजातानंद दास और मनस्विनी मिश्रा सहित विभिन्न जिलों से आए शोधकर्ताओं एवं विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे।
इस अवसर पर वरिष्ठ तकनीकी प्रबंधक स्मृतिरंजन मिश्रा, सलाहकार सूर्य मिश्रा, सच्चिदानंद पंडा, देवानंद भंज, देवेंद्र नाथ मोहंती तथा अकादमी के विशेष अधिकारी श्रीनिवास मिश्रा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
