-
अब बारिश और आंधी का अलर्ट
-
36.6 डिग्री सेल्सियस पहुंचा तापमान
-
अक्टूबर में दूसरा सबसे अधिक
-
मानसून की विदाई के बीच नौ जिलों में येलो चेतावनी
भुवनेश्वर। ओडिशा के पुरी में अक्टूबर की गर्मी ने 130 साल पुराने मौसम रिकॉर्ड में नया अध्याय जोड़ दिया है। सोमवार को पुरी का अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो अक्टूबर के दौरान शहर में दर्ज अब तक का दूसरा सबसे अधिक तापमान है। बारिश का दौर कमजोर पड़ने के बाद राज्य के कई हिस्सों में गर्मी और उमस बढ़ी है। पुरी के साथ पारादीप और भुवनेश्वर में भी तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहा। हालांकि, अब मौसम फिर बदलने वाला है और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने नौ जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर येलो चेतावनी जारी की है।
130 साल के रिकॉर्ड में 36.6 डिग्री सेल्सियस ने बनाई जगह
पुरी में 5 अक्टूबर को दर्ज 36.6 डिग्री सेल्सियस तापमान 1896 से उपलब्ध मौसम रिकॉर्ड के आधार पर अक्टूबर का दूसरा सबसे अधिक तापमान है। पुरी में अक्टूबर का सर्वाधिक तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इस तरह सोमवार का तापमान इस ऐतिहासिक रिकॉर्ड से महज 0.1 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
वहीं, 4 अक्टूबर 2024 को दर्ज 36.3 डिग्री सेल्सियस के पिछले दूसरे सर्वाधिक तापमान को इस बार पीछे छोड़ दिया गया। पुरी में तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक रहा।
प्रमुख शहरों में भी गर्मी का असर
तटीय ओडिशा के अन्य प्रमुख शहरों में भी गर्मी का असर रहा। सोमवार को पारादीप में 36.5 डिग्री सेल्सियस, जबकि भुवनेश्वर में 35.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। दोनों स्थानों पर तापमान सामान्य से क्रमशः 4.3 और 3.5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
मानसून की विदाई से बढ़ी धूप और दिन की गर्मी
बारिश में कमी के बाद तापमान में अचानक हुई बढ़ोतरी को दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी से जोड़कर देखा जा रहा है। मानसून धीरे-धीरे वापसी के चरण में है और इसके कमजोर पड़ने के कारण कई क्षेत्रों में बादल कम हुए हैं। इससे दिन में धूप का प्रभाव बढ़ा और अधिकतम तापमान में तेजी आई।
तटीय क्षेत्रों में तापमान के साथ उमस ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। मौसम में यह गर्म और उमसभरा दौर अगले कुछ दिनों तक कुछ हिस्सों में बना रह सकता है।
नौ जिलों में बारिश और आंधी का येलो अलर्ट
गर्मी बढ़ने के बीच मौसम विभाग ने बारिश और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है। मंगलवार के लिए राज्य के नौ जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश के साथ आकाशीय बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई थी। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
आईएमडी के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों तक ओडिशा में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल सकता है। एक ओर कई क्षेत्रों में गर्मी और उमस बनी रहेगी, वहीं दूसरी ओर कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह
मौसम विभाग ने आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है। विशेष रूप से बारिश से पहले अचानक तेज हवा और गरज-चमक की स्थिति में सतर्क रहने की जरूरत है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
