Home / Odisha / मारवाड़ी सोसाइटी, भुवनेश्वर के चुनाव में टूटेगी परंपरा

मारवाड़ी सोसाइटी, भुवनेश्वर के चुनाव में टूटेगी परंपरा

  •  इतिहास में पहली बार अध्यक्ष पद पर सीधा मुकाबला

  •  कमल अग्रवाल ने रखा विकास का विजन

  •  4 अक्टूबर को मतदान, समाज के विभिन्न वर्गों से लगातार संवाद कर रहे हैं कमल अग्रवाल

भुवनेश्वर। भुवनेश्वर मारवाड़ी समाज के इतिहास में पहली बार अध्यक्ष पद के लिए सीधा चुनावी मुकाबला होने जा रहा है। आगामी 4 अक्टूबर को होने वाले मतदान को लेकर समाज के भीतर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अध्यक्ष पद के प्रत्याशी एवं पीजीएल ग्रुप एंटरप्राइजेज के एमडी सह सीईओ कमल अग्रवाल चंदुका समाज के वरिष्ठ सदस्यों, युवाओं, महिलाओं और विभिन्न घटकों से लगातार संपर्क कर अपने विजन और कार्ययोजना को सामने रख रहे हैं।
भुवनेश्वर मारवाड़ी समाज के अध्यक्ष पद के इस चुनाव में कमल अग्रवाल चंदुका और उमेश खंडेलवाल के बीच मुकाबला है। दोनों प्रत्याशी मतदान से पहले समाज के सदस्यों से संपर्क कर अपने-अपने पक्ष में समर्थन जुटाने में लगे हैं। 4 अक्टूबर को होने वाला मतदान इस लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है कि समाज के इतिहास में पहली बार अध्यक्ष पद के लिए चुनावी मुकाबला हो रहा है।
कमल अग्रवाल का कहना है कि समाज सेवा और समर्पण का संस्कार उन्हें अपने पिता स्वर्गीय सीताराम चंदुका से मिला है। इसी संस्कार को आगे बढ़ाते हुए वे समाज के लिए ऐसी व्यवस्था विकसित करना चाहते हैं, जिसमें सामाजिक आयोजनों के साथ-साथ सदस्यों की शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, व्यवसाय और पारिवारिक जरूरतों पर भी ध्यान दिया जाए।

समाज सेवा को सुविधाओं और रोजगार से जोड़ने का विजन

कमल अग्रवाल ने कहा कि उनका उद्देश्य समाज में राजनीति करना नहीं, बल्कि समाज के सदस्यों की वास्तविक समस्याओं का समाधान करना है। उनका मानना है कि किसी सामाजिक संगठन की मजबूती केवल कार्यक्रम आयोजित करने से नहीं, बल्कि अपने सदस्यों के जीवन से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने से होती है।
उनके प्रस्तावित विजन में को-वर्किंग स्पेस और बिजनेस सेवाओं को प्रमुख स्थान दिया गया है। उनका कहना है कि भुवनेश्वर में कारोबार करने वाले युवा उद्यमियों और नए व्यवसाय शुरू करने वालों को एक ऐसा मंच मिलना चाहिए, जहां उन्हें काम करने की सुविधा के साथ आवश्यक व्यावसायिक सहयोग भी उपलब्ध हो सके। इससे समाज के युवा सदस्यों को नेटवर्किंग, मार्गदर्शन और नए अवसर प्राप्त करने में मदद मिल सकती है।
उन्होंने स्किल डेवलपमेंट को भी प्राथमिकता देने की बात कही है। युवाओं और जरूरतमंद सदस्यों के लिए कौशल आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने के साथ-साथ मारवाड़ी भाषा और संस्कृति से जुड़े मातृभाषा आधारित कौशल कार्यक्रम विकसित करने का प्रस्ताव भी रखा है।

स्वास्थ्य सेवाओं में फ्री डायबिटिक सेंटर की योजना

कमल अग्रवाल के विजन में स्वास्थ्य सेवाओं को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। उन्होंने समाज के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त डायग्नोस्टिक सेंटर विकसित करने की बात कही है। इसके साथ ही फ्री डायबिटिक सेंटर की स्थापना का प्रस्ताव है, ताकि समाज के जरूरतमंद सदस्यों को मधुमेह की जांच, परामर्श और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकें।
उनका कहना है कि समय के साथ जीवनशैली से जुड़ी बीमारियां बढ़ रही हैं और समाज के स्तर पर नियमित स्वास्थ्य जांच तथा जागरूकता की व्यवस्था विकसित करना आवश्यक है।

युवाओं के विवाह के लिए मैरिज सेवा और सामाजिक सहयोग

समाज के युवाओं के विवाह से जुड़ी चुनौतियों को देखते हुए मारवाड़ी समाज के लड़के-लड़कियों के लिए विशेष मैरिज सेवा विकसित करने का भी प्रस्ताव रखा गया है। इसका उद्देश्य समाज के परिवारों को उपयुक्त वैवाहिक संबंध तलाशने में व्यवस्थित सहयोग उपलब्ध कराना है।
कमल अग्रवाल का कहना है कि बदलते सामाजिक परिवेश में परिवारों के सामने विवाह संबंध तय करने को लेकर कई व्यावहारिक चुनौतियां सामने आ रही हैं। ऐसे में समाज के स्तर पर विश्वसनीय और व्यवस्थित सेवा विकसित करने से परिवारों को सुविधा मिल सकती है।

भुवनेश्वर में गोशाला और सर्वदेव मंदिर का प्रस्ताव

कमल अग्रवाल ने भुवनेश्वर में गोशाला स्थापित करने की योजना को भी अपने प्रमुख लक्ष्यों में शामिल किया है। इसके माध्यम से गोसेवा को व्यवस्थित रूप देने और समाज की धार्मिक-सामाजिक गतिविधियों को विस्तार देने की बात कही गई है।
इसके साथ ही सभी देवी-देवताओं को समर्पित एक सर्वदेव मंदिर विकसित करने का प्रस्ताव भी सामने रखा गया है। उनका कहना है कि ऐसा धार्मिक केंद्र समाज के लोगों के लिए आस्था और सामाजिक एकजुटता का स्थान बन सकता है।

मारवाड़ भवन के विस्तार और आधुनिकीकरण पर जोर

कमल अग्रवाल के अनुसार मौजूदा मारवाड़ भवन का विस्तार, आधुनिकीकरण और नवीनीकरण भी उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा। उनका उद्देश्य भवन को समाज के सदस्यों की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप अधिक उपयोगी और सुविधाजनक बनाना है।
वे चाहते हैं कि मारवाड़ भवन केवल सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों के लिए बैठकों, प्रशिक्षण, व्यावसायिक गतिविधियों और सामुदायिक कार्यक्रमों का प्रभावी केंद्र बने।

सदस्यता बढ़ाने और युवाओं-महिलाओं की भागीदारी पर जोर

कमल अग्रवाल ने समाज की सदस्यता बढ़ाने को भी महत्वपूर्ण लक्ष्य बताया है। उनका कहना है कि अधिक से अधिक परिवारों और युवा सदस्यों को संगठन से जोड़कर समाज की गतिविधियों को व्यापक बनाया जा सकता है।
इसके लिए युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई है। उनका जोर समाज के वरिष्ठ सदस्यों के अनुभव और युवाओं की ऊर्जा को साथ लेकर आगे बढ़ने पर है।

बचपन से व्यापार और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े

कमल अग्रवाल के अनुसार वे बचपन से ही व्यापार और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। युवा मंच के सक्रिय सदस्य, सीआईआई यंग इंडिया के चेयरपर्सन तथा आपणो परिवार के संस्थापक सदस्य के रूप में उन्होंने विभिन्न सामाजिक दायित्वों का निर्वहन किया है।
उन्होंने बताया कि स्कूली जीवन में वे स्काउट गतिविधियों से जुड़े रहे और बचपन से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखाओं में भी जाते रहे। उनके अनुसार इन अनुभवों ने समाज और राष्ट्र के प्रति सेवा की भावना को मजबूत किया।

वरिष्ठ सदस्यों और विभिन्न वर्गों से संपर्क
कमल अग्रवाल ने कहा कि समाज के निवर्तमान अध्यक्ष संजय लाठ और उनकी टीम, वरिष्ठ समाजसेवी सुभाष भुरा सहित समाज के विभिन्न घटकों के पदाधिकारियों और सदस्यों का उन्हें आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है।
नामांकन दाखिल करने के बाद उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों के बीच जनसंपर्क तेज किया है। उनका कहना है कि वे चुनाव से पहले अधिक से अधिक सदस्यों तक पहुंचकर उनकी अपेक्षाओं और सुझावों को समझने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि संवाद का दायरा केवल समर्थकों तक सीमित नहीं है, बल्कि वे अपने विरोध में रहने वाले सदस्यों से भी बातचीत कर रहे हैं।

कहा-नेतृत्व का अर्थ विश्वास और जिम्मेदारी

कमल अग्रवाल ने कहा कि उनके लिए नेतृत्व का अर्थ केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज के लोगों का विश्वास जीतना और उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरना है। उन्होंने कहा कि मैं पुरुषोत्तम तो नहीं हूं, लेकिन उत्तम बनने का प्रयास हमेशा करता हूं। उन्होंने विश्वास जताया कि समाज सेवा के उनके संकल्प और कार्ययोजना को सदस्य अवसर देंगे।

Share this news

About desk

Check Also

बालेश्वर में बीजद छात्र नेता को हिरासत में लेने पर हंगामा

    पुलिस थाने में धरने पर बैठे पार्टी नेता    बीसीजेडी जिलाध्यक्ष हरेकृष्ण प्रधान …