-
हिंजिली और शेरगढ़ में अनुशासनहीनता को लेकर बोले बीजद अध्यक्ष ने तोड़ी चुप्पी
-
बोले-सबकी जानकारी है, सही समय पर कार्रवाई होगी
भुवनेश्वर। गंजाम जिले की हिंजिली विधानसभा सीट और शेरगढ़ क्षेत्र में बीजू जनता दल की आंतरिक गतिविधियों को लेकर पार्टी अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने सख्त रुख अपनाया है। नवीन पटनायक ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ नवीन निवास में हुई बैठक के दौरान संगठन में अव्यवस्था और अनुशासनहीनता को लेकर चेतावनी दी। बैठक में हिंजिली और शेरगढ़ से जुड़े स्थानीय नेताओं ने हिस्सा लिया।
कुछ लोगों को दी चेतावनी
बैठक के दौरान नवीन पटनायक ने कहा कि हिंजिली में कुछ लोग परेशानी पैदा कर रहे हैं और अव्यवस्था तथा गलत गतिविधियों में शामिल हैं। उन्होंने शेरगढ़ में भी इसी तरह की गतिविधियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उन्हें सभी गतिविधियों की जानकारी है और सही समय आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
नवीन पटनायक ने हालांकि सार्वजनिक रूप से किसी व्यक्ति का नाम नहीं लिया है। इसलिए यह स्पष्ट नहीं है कि उनकी चेतावनी किन नेताओं या कार्यकर्ताओं के लिए थी। पार्टी की ओर से भी इस संबंध में किसी व्यक्ति के खिलाफ अब तक कोई औपचारिक अनुशासनात्मक कार्रवाई घोषित नहीं की गई है।
स्थानीय संगठन पर नजर, राजनीतिक चर्चाएं तेज
नवीन पटनायक की टिप्पणी के बाद गंजाम जिले की स्थानीय राजनीति में चर्चाएं तेज हो गई हैं। पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच इस बात को लेकर चर्चा है कि चेतावनी के दायरे में कौन लोग हो सकते हैं। हिंजिली विधानसभा क्षेत्र में हिंजिली और शेरगढ़ ब्लॉक शामिल हैं और नवीन पटनायक वर्ष 2000 से इस सीट का प्रतिनिधित्व करते रहे हैं।
बैठक में स्थानीय संगठन की गतिविधियों और आगामी रणनीति पर भी चर्चा होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल पार्टी की ओर से किसी नेता का नाम या कार्रवाई का विवरण सामने नहीं आया है। ऐसे में आगे संगठनात्मक स्तर पर क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं की नजर बनी हुई है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
