Home / Odisha / दिल्ली में जुटीं ओडिशा समेत देशभर की महिला विधायक

दिल्ली में जुटीं ओडिशा समेत देशभर की महिला विधायक

  •     ओडिशा विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने महिला सशक्तीकरण, स्वास्थ्य और आत्मरक्षा की पहल गिनाईं

भुवनेश्वर। ओडिशा विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी के नेतृत्व में राज्य की महिला विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने नई दिल्ली में आयोजित अखिल भारतीय क्षमता निर्माण सम्मेलन में हिस्सा लिया। राष्ट्रीय महिला आयोग की ओर से आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन में देशभर के राज्यों की महिला विधायक और विधान परिषद सदस्य पहली बार एक मंच पर जुटीं।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने 7 सितंबर को औपचारिक रूप से सम्मेलन का उद्घाटन किया। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने स्वागत भाषण दिया। सम्मेलन का उद्देश्य महिलाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था की मुख्यधारा में अधिक प्रभावी भूमिका देने के साथ विधायी लेखन, प्रभावी संवाद और रणनीतिक सोच जैसे क्षेत्रों में उनकी क्षमता को मजबूत करना है।

पंचायत से विधानसभा तक महिलाओं को सशक्त बनाने पर जोर

अपने संबोधन में विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने कहा कि ओडिशा सरकार महिलाओं को बजट निर्माण से लेकर नीतियों के क्रियान्वयन तक हर स्तर पर प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि पंचायत संस्थाओं में आरक्षण के माध्यम से जमीनी स्तर की महिलाओं को नेतृत्व का अवसर दिया जा रहा है।

मिशन शक्ति की उपलब्धियों का उल्लेख

उन्होंने मिशन शक्ति की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में करीब 70 लाख महिलाएं छह लाख स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं और उन्हें प्रत्यक्ष रूप से लाभ मिल रहा है। सरकार इन समूहों की महिलाओं को सफल उद्यमी बनाने के लिए व्यापक सहायता उपलब्ध करा रही है।

मातृ-शिशु स्वास्थ्य और आत्मरक्षा पर भी जोर

सुरमा पाढ़ी ने कहा कि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने के लिए किशोरियों के पोषण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही युवा महिलाओं को आत्मरक्षा के लिए तैयार करने के उद्देश्य से राज्य के 730 सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त महाविद्यालयों और 16 विश्वविद्यालयों में औपचारिक प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है।

लैंगिक संवेदनशील शासन पर विशेष प्रशिक्षण

दो दिवसीय सम्मेलन में महिला जनप्रतिनिधियों को ‘लैंगिक संवेदनशील शासन’ की अवधारणा पर विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिला विधायकों में विधायी प्रक्रिया, संवाद कौशल और नेतृत्व क्षमता को और मजबूत करना है, ताकि वे नीति निर्माण में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकें।

ओडिशा के प्रतिनिधिमंडल में बीजद की मुख्य सचेतक प्रमिला मल्लिक के साथ विधायक सुबासिनी जेना, सुजाता साहू, सीमारानी नायक, मनोरमा मोहंती, सोफिया फिरदौस, उपासना महापात्र और वर्षा सिंह बरिहा शामिल हैं। विधानसभा के अनुसंधान अधिकारी जयकृष्ण प्रधान और रणधीर राय भी प्रतिनिधिमंडल के साथ नई दिल्ली में मौजूद थे।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …