-
तेरापंथ युवक परिषद, भुवनेश्वर ने नेत्रदान के प्रति जनजागरूकता का दिया संदेश
भुवनेश्वर। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के नेत्रदान पखवाड़ा के अंतर्गत तेरापंथ युवक परिषद, भुवनेश्वर द्वारा रविवार को तेरापंथ भवन, भुवनेश्वर में नेत्रदान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक नमस्कार महामंत्र के मंगलाचरण से हुआ। तत्पश्चात तेयुप साथियों द्वारा विजय गीत का संगान किया गया। परिषद अध्यक्ष श्री जितेंद्र जी बैद ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध ओलिवुड निर्माता एवं अभिनेता स्वस्तिक चौधरी रहे। इस अवसर पर जय ओडिशा फाउंडेशन से रुद्र नारायण, दृष्टि दान आई बैंक से श्रीमती नीलिमा दास तथा सेंट्रल भुवनेश्वर सोशल वर्क टीम से श्री कौशल्या बोस की गरिमामयी उपस्थिति रही।
दृष्टि दान आई बैंक की ओर से श्रीमती ज्योतिर्मयी मोहंती ने नेत्रदान विषय पर ज्ञानवर्धक प्रस्तुति दी। पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से उन्होंने नेत्रदान की संपूर्ण प्रक्रिया, इससे जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं तथा समाज में प्रचलित विभिन्न भ्रांतियों को सरल एवं प्रभावी तरीके से समझाया। उन्होंने बताया कि मृत्यु के पश्चात किया गया नेत्रदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में रोशनी लाने का माध्यम बन सकता है।
मुख्य अतिथि स्वस्तिक चौधरी सहित उपस्थित अतिथियों ने नेत्रदान को एक महान एवं मानवीय कार्य बताते हुए इसकी सराहना की तथा अपने सामाजिक दायरे में नेत्रदान के प्रति जागरूकता फैलाने और अधिक से अधिक लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
नेत्रदानी परिवारों का सम्मान
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण वर्ष 2021 से तेरापंथ युवक परिषद, भुवनेश्वर द्वारा किए गए नेत्रदानों में सहयोग देने वाले नेत्रदानी परिवारों का सम्मान एवं अभिनंदन रहा। इन परिवारों के त्याग, संवेदनशीलता और मानवता की भावना को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया गया।
अपने प्रियजन को खोने के अत्यंत भावुक क्षणों में भी इन परिवारों ने नेत्रदान की अनुमति देकर किसी अन्य व्यक्ति के जीवन में प्रकाश लाने का पुनीत कार्य किया। उपस्थित सभी लोगों ने नेत्रदानी परिवारों के इस मानवीय योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं, एनजीओ तथा तेरापंथ समाज के अनेक सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उपस्थित सदस्यों ने नेत्रदान के महत्व को समझते हुए इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। साथ ही वर्ष में कम से कम चार बार विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर नेत्रदान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव भी प्राप्त हुआ।
रक्तदान कर्तव्यम 2026 की रूपरेखा साझा
कार्यक्रम के दौरान मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव – रक्तदान कर्तव्यम 2026 के संयोजक सिद्धार्थ चोरड़िया ने आगामी रक्तदान महाअभियान की रूपरेखा उपस्थित सदस्यों के साथ साझा की। उन्होंने सभी से इस महाआयोजन में सक्रिय रूप से सहभागी बनने तथा अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि सामाजिक सेवा के इन दोनों अभियानों, नेत्रदान एवं रक्तदान का उद्देश्य समाज में मानवता, सेवा और जनजागरूकता की भावना को मजबूत करना है।
कार्यक्रम का कुशल संचालन मंत्री श्री सौरव बेताला ने किया। कार्यक्रम के संयोजक श्री परमित बंगानी ने सभी अतिथियों, सामाजिक संस्थाओं, नेत्रदानी परिवारों एवं उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम ने समाज में यह महत्वपूर्ण संदेश दिया कि नेत्रदान केवल एक दान नहीं, बल्कि किसी की जिंदगी में रोशनी लौटाने का माध्यम है। वहीं रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने का माध्यम बन सकता है। सेवा के इन दोनों अभियानों के माध्यम से मानवता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
