-
आधुनिक फोरेंसिक तकनीकों की ली जानकारी
भुवनेश्वर। ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मुकेश महालिंगा ने गुजरात के गांधीनगर स्थित राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय का दौरा कर डिजिटल फोरेंसिक, इन्वेस्टिगेटिव साइकोलॉजी और डीएनए फोरेंसिक से जुड़ी अत्याधुनिक सुविधाओं का जायजा लिया।
दौरे के दौरान महालिंगा ने एनएफएसयू के कैंपस निदेशक प्रो. (डॉ.) एस.ओ. जुनारे और विभिन्न विभागों के प्रमुखों के साथ विस्तृत चर्चा की। इस दौरान आधुनिक तकनीकों के माध्यम से अपराध जांच को अधिक प्रभावी और वैज्ञानिक बनाने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया गया।
सोशल मीडिया पर अपने दौरे की जानकारी साझा करते हुए महालिंगा ने कहा कि एनएफएसयू में उपलब्ध अत्याधुनिक फोरेंसिक सुविधाएं अपराध जांच की बदलती जरूरतों के अनुरूप महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में एनएफएसयू देश की न्याय व्यवस्था को मजबूत करने और दोषसिद्धि दर बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
मंत्री ने कहा कि फोरेंसिक विज्ञान को अपराध जांच में प्रभावी ढंग से शामिल करने से जांच की गुणवत्ता और न्यायिक प्रक्रिया की विश्वसनीयता को और मजबूत किया जा सकता है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
