आज नवभारत ओडिशा में अपनी 14वीं वर्षगांठ मना रहा है। यह अवसर केवल ओडिशा में एक संस्थान के स्थापना दिवस का नहीं, बल्कि पाठकों के विश्वास, शुभचिंतकों के स्नेह, विज्ञापनदाताओं के सहयोग और घर-घर आप सभी तक इस अखबार को पहुंचाने वाले हॉकरों के साथ-साथ हमारी पूरी टीम के समर्पण का उत्सव है। इस गौरवपूर्ण अवसर पर हम सभी पाठकों, सहयोगियों, विज्ञापनदाताओं और शुभचिंतकों का हृदय से अभिनंदन एवं आभार व्यक्त करते हैं।
इन 14 वर्षों में नवभारत ने सदैव निष्पक्ष, विश्वसनीय और जनपक्षधर पत्रकारिता को अपना मूल मंत्र बनाया है। समसामयिक घटनाओं की सटीक जानकारी देने के साथ-साथ हमने जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। हमारा प्रयास केवल समाचार प्रकाशित करना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक संवाद, जागरूकता और उत्तरदायित्व की भावना को सशक्त करना रहा है।
हमने आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक मूल्यों को सम्मान देते हुए आर्थिक विकास, उद्यमिता, शिक्षा, स्वास्थ्य और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों को भी निरंतर स्थान दिया है। विशेष रूप से ओडिशा में हिन्दी पत्रकारिता को सशक्त मंच प्रदान करने और हिन्दीभाषी समाज की आवाज़ बनने का हमारा संकल्प निरंतर मजबूत हुआ है।
तेजी से बदलते मीडिया परिवेश में हमारी प्रतिबद्धता पहले से कहीं अधिक मजबूत है। सत्य, विश्वसनीयता और जनहित की कसौटी पर खरा उतरते हुए हम भविष्य में भी समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते रहेंगे।
एक बार फिर नवभारत परिवार की ओर से सभी पाठकों, शुभचिंतकों, विज्ञापनदाताओं और सहयोगियों का हार्दिक धन्यवाद। आपका विश्वास ही हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। आइए, इसी विश्वास और सहयोग के साथ हम एक सशक्त, जागरूक और सकारात्मक समाज के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ते रहें।
14वीं वर्षगांठ पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ।
संपादक
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
