-
कहा-सरकार हर मिनट कर रही निगरानी
भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा है कि राज्य में जारी भारी बारिश और बाढ़ जैसी स्थिति के बीच हर नागरिक का जीवन और सुरक्षा उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने बताया कि वह स्वयं बाढ़ की स्थिति पर “हर मिनट” नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात और राहत कार्यों को लेकर उन्होंने मुख्य सचिव और विशेष राहत आयुक्त के साथ विस्तृत चर्चा की है। साथ ही, पूरे प्रशासन को प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
लोगों से अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि घबराएं नहीं और डरें नहीं। हम हर कदम पर आपके साथ हैं। प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित रहें।
बाढ़ प्रभावित जिलों में प्रबंधन को और मजबूत करने के लिए राज्य सरकार ने तीन वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी के साथ बालासोर, भद्रक और जाजपुर जिलों में तैनात किया है। ये अधिकारी मौके पर राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों की निगरानी करेंगे।
मुख्यमंत्री ने विशेष राहत आयुक्त कार्यालय और राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र को 24×7 सक्रिय रहने का निर्देश दिया है, ताकि जल स्तर और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा सके।
इसके अलावा, एनडीआरएफ, ओडीआरएएफ, फायर सर्विस और पुलिस बलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। ये टीमें निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
सरकार ने यह भी सुनिश्चित किया है कि सभी बाढ़ शरण स्थलों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। इनमें स्वच्छ पेयजल, पका हुआ भोजन, आपात स्वास्थ्य सेवाएं, एंटी-वेनम इंजेक्शन और पशुओं के लिए पर्याप्त चारा शामिल है।
शरण स्थलों में पहुंचे लोगों की संपत्ति की सुरक्षा के लिए पुलिस को प्रभावित गांवों में रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया है कि जिन लोगों के घर और कृषि भूमि बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुई है, उन्हें तुरंत मुआवजा प्रदान किया जाए।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
