Home / Odisha / लगातार बारिश से नुआपड़ा बेहाल, जनजीवन अस्त-व्यस्त

लगातार बारिश से नुआपड़ा बेहाल, जनजीवन अस्त-व्यस्त

  • लगातार बारिश से नुआपड़ा बेहाल, जनजीवन अस्त-व्यस्त

  •  सड़कें बहीं, संपर्क टूटा

  •  जलभराव के बीच स्कूल-कॉलेज बंद

  •  लखना रेलवे अंडरब्रिज में आठ फीट पानी भरने से यातायात ठप

  •  कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क कटा; प्रशासन हाई अलर्ट पर

नुआपड़ा। लगातार मूसलाधार बारिश ने नुआपड़ा जिले में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। बीती रात से जारी भारी वर्षा के कारण कई सड़कें, पुलिया और ग्रामीण मार्ग जलमग्न हो गए हैं, जबकि अनेक स्थानों पर सड़कें बह जाने से गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है। नुआपड़ा-भेरा मार्ग पर एक पुलिया के ऊपर करीब तीन फीट पानी बहने से भेरा गांव का जिला मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह टूट गया है। वहीं लखना पंचायत के डेडेंगा और सुकलीमुंडी गांव को जोड़ने वाली कच्ची सड़क तेज बहाव में बह गई, जिससे करीब चार फीट गहरा और पांच फीट चौड़ा गड्ढा बन गया है और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। मुंडापाला पंचायत में सुवाबहाल मार्ग भी धंस जाने से कई गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है। स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब कोमना ब्लॉक के लखना रेलवे अंडरब्रिज में करीब आठ फीट पानी भर गया। इसके चलते नुआपड़ा और लखना के बीच वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। चारपहिया वाहनों का आवागमन बंद होने से लोगों को बरगढ़ और बलांगीर होकर लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ रहा है। लगातार बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला कलेक्टर मधुसूदन दास ने जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है। आंगनबाड़ी केंद्रों को भी सुबह 11 बजे तक बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आगामी दिनों में भी जिले में बारिश जारी रहने की संभावना जताई है। इस बीच स्थानीय लोगों ने लखना रेलवे अंडरब्रिज में हर वर्ष होने वाले जलभराव को लेकर संबलपुर रेल मंडल के प्रति नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है। उन्होंने मानसून के दौरान जलनिकासी सुनिश्चित करने के लिए रेलवे फाटक खोलने और प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है। जिला प्रशासन ने कहा है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। अधिकारियों ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …