-
स्कूल बंद, बचाव के लिए ओड्राफ तैनात
-
नीलगिरि में सर्वाधिक 239 मिमी बारिश, रेमुणा में 222 और बालेश्वर में 204 मिमी दर्ज
-
कई घर-दुकानों में घुसा पानी, निचले इलाकों में हालात गंभीर
बालेश्वर। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव के प्रभाव से लगातार हो रही भारी बारिश ने बालेश्वर जिले में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। सोमवार रात से जारी मूसलाधार बारिश के कारण शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक कई सड़कें, रिहायशी इलाके और बाजार जलमग्न हो गए हैं। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया है, वहीं जलभराव वाले क्षेत्रों में फंसे लोगों को निकालने के लिए ओड्राफ की टीमों को सदर, नीलगिरि और बाहानगा समेत प्रभावित इलाकों में भेजा गया है।
आंकड़ों के अनुसार मंगलवार, 28 जुलाई को जिले में सबसे अधिक 239 मिमी बारिश नीलगिरि में दर्ज की गई। इसके बाद रेमुणा में 222 मिमी और बालेश्वर में 204 मिमी बारिश दर्ज हुई। जलेश्वर में 162 मिमी, बस्ता में 154 मिमी, भोगराई में 129 मिमी, सोरो में 117 मिमी, बाहनगां में 115 मिमी और बालियापाल में 110 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं सिमुलिया में 97 मिमी, औपदा में 93 मिमी तथा खैरा में 89 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
अधिकांश कई इलाके जलमग्न
लगातार बारिश के कारण बालेश्वर शहर के अधिकांश इलाकों में गंभीर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई स्थानों पर करीब दो फीट तक पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
भीमपुरा इलाके में सड़क पर करीब दो फीट तक तेज बहाव के साथ पानी चलते देखा गया। जलभराव के कारण दोपहिया और छोटे वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ तथा कई लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा।
शहर के अजीमाबाद इलाके में स्थिति विशेष रूप से चिंताजनक रही। यहां विभिन्न मेस में रहने वाले विद्यार्थियों को सोमवार रात से ही जलभराव के कारण गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ा। आसपास की सड़कों और गलियों में पानी भर जाने से विद्यार्थियों के आवागमन के साथ दैनिक जरूरतों को लेकर भी मुश्किलें बढ़ गईं।
रेमुणा में सर्विस रोड डूबी, घर-दुकानों में घुसा पानी
रेमुणा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर स्थित सर्विस रोड पर भारी जलभराव देखने को मिला। कई स्थानों पर पानी आसपास के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और घरों में घुस गया। कुछ प्रतिष्ठानों में पानी का स्तर काफी अधिक होने से सामान को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
लगातार बारिश से नालियों और जलनिकासी व्यवस्था पर भी दबाव बढ़ गया है। कई इलाकों में पानी की निकासी नहीं हो पाने के कारण स्थिति और गंभीर हो गई।
फंसे लोगों के बचाव में जुटा ओड्राफ
ग्रामीण एवं निचले इलाकों में पानी बढ़ने के बाद प्रशासन ने बचाव अभियान तेज कर दिया है। सदर, नीलगिरि, बाहानगा सहित जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में ओड्राफ की टीमों को तैनात किया गया है। पानी में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है।
भारी बारिश का असर यातायात और कारोबारी गतिविधियों पर भी पड़ा है। शहर की कई प्रमुख सड़कों पर पानी जमा होने से वाहनों की रफ्तार धीमी रही और जगह-जगह जाम जैसी स्थिति बनी।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
