-
260 से अधिक लापता लोगों को सकुशल खोजा
-
कंधमाल और गंजाम पुलिस ने चलाए पांच दिन के विशेष अभियान
-
महिलाओं, बच्चों और पुरुषों को परिजनों से मिलाया
भुवनेश्वर। ओडिशा पुलिस के ऑपरेशन अन्वेषण-3 के तहत चलाए गए पांच दिवसीय विशेष अभियान में कंधमाल और गंजाम पुलिस ने 260 से अधिक लापता महिलाओं, बच्चों और पुरुषों को सकुशल खोजकर उनके परिजनों से मिला दिया। यह अभियान 18 से 22 जुलाई तक राज्यभर में चलाया गया।
कंधमाल जिले में पुलिस ने अभियान के दौरान 138 लापता लोगों का पता लगाया। इनमें 129 महिलाएं और नौ नाबालिग लड़कियां शामिल हैं। जिले के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने समन्वित अभियान चलाकर सभी को सुरक्षित खोज निकाला।
कंधमाल के पुलिस अधीक्षक रमेंद्र प्रसाद ने बताया कि सभी महिलाओं और नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित उनके परिवारों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा जिला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही लोगों से किसी भी आपात स्थिति में पुलिस सहायता के लिए 112 हेल्पलाइन पर तुरंत संपर्क करने की अपील की।
वहीं, गंजाम पुलिस ने भी ऑपरेशन अन्वेषण-3 के तहत 122 लापता लोगों को देश के विभिन्न राज्यों से खोज निकालने में सफलता हासिल की। इनमें 16 नाबालिग, 93 महिलाएं और 13 पुरुष शामिल हैं। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
गंजाम के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि विशेष पुलिस दल आंध्र प्रदेश, केरल और तमिलनाडु जाकर लापता लोगों का पता लगाने में सफल रहे। यह अभियान ऑपरेशन अन्वेषण के पहले दो चरणों की सफलता के बाद शुरू किया गया था।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
