-
ढेंकानाल जिले में शादी की खुशियां मातम में बदलीं
-
तालाब में गिरी बारातियों की कार, पांच की जान गई
-
केंदुझर में थार पेड़ से टकराई, तीन की मृत्यु
भुवनेश्वर। ओडिशा में तीन भीषण सड़क हादसों में 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। ढेंकानाल में बारातियों से भरी कार तालाब में गिरने से पांच लोगों की जान चली गई, जबकि महिषापट में एक हादसे में दो लोगों की मौत हुई, वहीं केंदुझर जिले में एक थार एसयूवी के पेड़ से टकराने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मृत्यु हो गई। इन हादसों ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया।
ढेंकानाल जिले में गुरुवार देर रात हादसा उस समय हुआ जब बारातियों को लेकर जा रही एक एक्सयूवी कार अनियंत्रित होकर सड़क से फिसलते हुए तालाब में जा गिरी। वाहन में सात युवक सवार थे, जो मोटंगा क्षेत्र के बांगुरीसिंगा गांव से इंदीपुर विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में ढेंकानाल सदर थाना क्षेत्र के छतिया गांव के पास चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और कार तालाब में जा गिरी। देखते ही देखते वाहन पूरी तरह पानी में डूब गया।
पांच की मौके पर मौत
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन पांच अन्य युवक पानी में डूब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मरने वालों की पहचान चंद्रकांत स्वाइन, अभिजीत साहू, श्रीराम साहू, राकेश साहू (सभी बांगुरिसिंह गांव के रहने वाले) और ढेंकनाल के अविनाश साहू के तौर पर हुई है।
हादसे के कारण स्पष्ट नहीं
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हादसा तेज रफ्तार, चालक की लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुआ। इस हृदयविदारक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और विवाह समारोह की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
एक अन्य हादसा ढेंकानाल में नेशनल हाईवे-55 पर महिषापट के पास हुआ, जहां एक कार की टक्कर स्कूटर से हो गई। स्कूटर पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे की मौत ढेंकानाल जिला मुख्यालय अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। तीसरे घायल व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है, जबकि पीड़ितों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
केंदुझर में एसयूवी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई
इधर, केंदुझर जिले में एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक नाबालिग बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा चंपुआ थाना क्षेत्र के राजिया गांव के पास उस समय हुआ, जब एक थार एसयूवी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े आम के पेड़ से जा टकराई।
पुलिस के अनुसार, पारसला पंचायत के सिजुकला गांव निवासी परिवार के सदस्य त्रिलोचन आपट को तेज पेट दर्द की शिकायत होने पर उन्हें चंपुआ उप-मंडलीय अस्पताल ले जाया जा रहा था। रास्ते में राजिया के निकट चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा।
वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त
टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में त्रिलोचन के भाई भास्कर आपट की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, त्रिलोचन आपट, उनकी पत्नी कैंफुल आपट और उनका नाबालिग पुत्र रंजीत वाहन में गंभीर रूप से फंस गए। सूचना मिलते ही चंपुआ पुलिस, अग्निशमन विभाग की टीम और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर चंपुआ अस्पताल पहुंचाया गया।
दो ने अस्पताल में दम तोड़ा
प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें केंदुझर जिला मुख्यालय अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय एंबुलेंस में ही त्रिलोचन आपट और उनकी पत्नी कैंफुल आपट ने दम तोड़ दिया। इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई।
दंपति का नाबालिग पुत्र रंजीत जिला मुख्यालय अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
