Home / Odisha / रथयात्रा-2026 की तैयारियां पूरी, श्रद्धालुओं के लिए व्यापक इंतजाम; सभी को होगा सुगम दर्शन: मुख्य सचिव अनु गर्ग
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

रथयात्रा-2026 की तैयारियां पूरी, श्रद्धालुओं के लिए व्यापक इंतजाम; सभी को होगा सुगम दर्शन: मुख्य सचिव अनु गर्ग

भुवनेश्वर। विश्व प्रसिद्ध श्रीजगन्नाथ रथयात्रा-2026 के सफल एवं सुचारु आयोजन के लिए ओडिशा सरकार ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। राज्य की मुख्य सचिव अनु गर्ग ने बुधवार को कहा कि भगवान श्रीजगन्नाथ की सेवा और देशभर से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम दर्शन सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने हरसंभव व्यवस्था की है।
मुख्य सचिव ने कहा कि रथयात्रा प्रत्येक ओड़िया के लिए सबसे महत्वपूर्ण पर्व है और इसे सफल बनाने के लिए पिछले छह से सात महीनों से सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भगवान की सेवा और देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को सर्वोत्तम सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने हर स्तर पर व्यापक तैयारी की है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी स्वयं तैयारियों की नियमित समीक्षा कर रहे हैं। विधि मंत्री सहित सभी विभागों के मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित कर रहे हैं।
यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
अनु गर्ग ने बताया कि पिछले वर्षों में जिन स्थानों पर यातायात संबंधी समस्याएं सामने आई थीं, इस बार उन्हें दूर करने के लिए विशेष कदम उठाए गए हैं। वाहनों की सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए अधिक पार्किंग स्थलों का निर्माण किया गया है और ट्रैफिक प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाया गया है।
1,200 अस्थायी शौचालय और जलभराव रोकने के विशेष इंतजाम
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरे पुरी शहर में करीब 1,200 अस्थायी शौचालय स्थापित किए गए हैं। बारिश की स्थिति में जलभराव से निपटने के लिए विभिन्न स्थानों पर पंपों की व्यवस्था भी की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन सुविधाओं को किया गया सुदृढ़
मुख्य सचिव ने कहा कि गर्म मौसम या किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पतालों, चिकित्सा केंद्रों, हीट रिलीफ रूम और आपात स्वास्थ्य सेवाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है।
इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर करेगा निगरानी
उन्होंने बताया कि रथयात्रा के दौरान सभी गतिविधियों की निगरानी के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा।
श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन के लिए पूरे पुरी शहर में सूचना एवं दिशा-निर्देश वाले साइनबोर्ड लगाए गए हैं, जिससे उन्हें मार्ग, सुविधाओं और आवश्यक सेवाओं की जानकारी आसानी से मिल सके।
पुलिस और प्रशासन की होगी व्यापक तैनाती
अनु गर्ग ने बताया कि रथयात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल, कार्यपालक दंडाधिकारी (एक्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट) और वरिष्ठ पर्यवेक्षण अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर सुरक्षा और सुचारु आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस वर्ष की रथयात्रा श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, सुव्यवस्थित और यादगार रहेगी।
मुख्य सचिव ने कहा कि हमारी कोशिश है कि प्रत्येक श्रद्धालु को बिना किसी परेशानी के भगवान श्रीजगन्नाथ के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो। भगवान जगन्नाथ ने कभी अपने भक्तों को निराश नहीं किया है और सरकार भी यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और दिव्य दर्शन का अनुभव मिले ।
Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …