-
आरोपी राजस्व निरीक्षक से जुड़े तीन ठिकानों पर एक साथ तलाशी शुरू
भुवनेश्वर। ओडिशा सतर्कता (विजिलेंस) विभाग ने बुधवार को रायगड़ा जिले के गुनुपुर तहसील अंतर्गत सिरिझुली सर्किल के राजस्व निरीक्षक (आरआई) सुशांत मलिक को म्यूटेशन मामले में भूमि पट्टा जारी कराने के नाम पर 25,000 की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया।
विजिलेंस के अनुसार, शिकायतकर्ता ने राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के नियमों के तहत अपने पैतृक भूमि के म्यूटेशन एवं रिकॉर्ड ऑफ राइट्स भूमि पट्टा जारी कराने के लिए निर्धारित शुल्क जमा कर ऑनलाइन आवेदन किया था।
आरोप है कि राजस्व निरीक्षक सुशांत मलिक बिना किसी वैध कारण के आवेदन की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब कर रहे थे। बाद में उन्होंने अनुकूल जांच रिपोर्ट प्रस्तुत कर फाइल का शीघ्र निस्तारण करने के बदले शिकायतकर्ता से 25,000 की रिश्वत की मांग की।
शिकायत मिलने के बाद ओडिशा विजिलेंस ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और आरोपी को उसके कार्यालय कक्ष में रिश्वत की राशि स्वीकार करते समय रंगेहाथ पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से 25,000 की पूरी रिश्वत राशि बरामद कर जब्त कर ली गई।
ट्रैप कार्रवाई के बाद विजिलेंस ने आरोपी राजस्व निरीक्षक से जुड़े तीन ठिकानों पर एक साथ तलाशी शुरू की है। यह कार्रवाई उसकी ज्ञात आय से अधिक संपत्ति की पहलुओं की भी जांच के तहत की जा रही है।
इस संबंध में कोरापुट विजिलेंस थाना में केस संख्या 16/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
