Home / Odisha / केंद्रापड़ा के वन रेंजर रवींद्र कुमार नायक गिरफ्तार

केंद्रापड़ा के वन रेंजर रवींद्र कुमार नायक गिरफ्तार

  •    आय से अधिक संपत्ति मामले में हुई कार्रवाई

भुवनेश्वर। ओडिशा विजिलेंस ने आय से अधिक संपत्ति (डीए) मामले में कार्रवाई करते हुए केंद्रापड़ा वन परिक्षेत्र के वन रेंजर रवींद्र कुमार नायक को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 2018 के तहत कटक विजिलेंस थाना कांड संख्या-25/2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही थी। उल्लेखनीय है कि बुधवार को ओडिशा विजिलेंस ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों की जांच के तहत केंद्रपाड़ा वन प्रभाग के वन रेंजर रवींद्र कुमार नायक से जुड़े चार ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया था। यह कार्रवाई विशेष विजिलेंस न्यायाधीश, कटक द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर की गई।

जांच के दौरान उनके पास ज्ञात आय के स्रोतों की तुलना में कहीं अधिक मूल्य की चल एवं अचल संपत्तियां मिलने का दावा किया गया। पूछताछ के दौरान वह इन संपत्तियों के संबंध में संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

छापेमारी में विजिलेंस ने दो मकान, जिनमें लगभग 7,038 वर्ग फुट क्षेत्रफल वाला एक भव्य चार मंजिला भवन भी शामिल है, का पता लगाया। इसके अलावा छह उच्च मूल्य के भूखंड, 283 ग्राम सोना, 2.14 लाख रुपये नकद, 76 लाख रुपये की बैंक जमा राशि, एक चार पहिया वाहन तथा अन्य चल-अचल संपत्तियां भी बरामद की गईं। इन संपत्तियों के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जानकारी उपलब्ध नहीं करा सके।

तलाशी अभियान के दौरान विजिलेंस की टीमों ने कटक जिले के बारंग थाना क्षेत्र के मुंडुली-गोदिसाही स्थित उनके चार मंजिला आवास, कटक जिले के बांकी थाना क्षेत्र के सहदापाड़ा स्थित पैतृक घर, केंद्रपाड़ा वन रेंज कार्यालय में स्थित उनके कार्यालय कक्ष तथा केंद्रपाड़ा स्थित अस्थायी आवास की एक साथ गहन तलाशी ली।

विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि पूरे अभियान की निगरानी पांच पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी), नौ निरीक्षक, पांच सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) तथा अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने की। प्रारंभिक जांच में सामने आई संपत्तियों के आधार पर आरोपी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …