Home / Odisha / भुवनेश्वर सुंदरपदा विस्फोट मामले में एनआईए की बड़ी कार्रवाई
IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

भुवनेश्वर सुंदरपदा विस्फोट मामले में एनआईए की बड़ी कार्रवाई

  •     सात महीने बाद एक और आरोपी गिरफ्तार

भुवनेश्वर। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने भुवनेश्वर के सुंदरपदा स्थित आजाद नगर विस्फोट मामले में बुधवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना के लगभग सात महीने बाद हुई इस कार्रवाई को जांच में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहन रंजन राउतराय के रूप में हुई है। एनआईए के अनुसार, वह मूल रूप से भुवनेश्वर के पटिया क्षेत्र का निवासी है। उसे उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया। एजेंसी के मुताबिक, आरोपी की भूमिका विस्फोट से जुड़े कथित षड्यंत्र में सामने आने के बाद उसे हिरासत में लिया गया।

गौरतलब है कि 27 जनवरी को सुंदरपदा के आजाद नगर स्थित एक मकान में कथित तौर पर बम तैयार किए जाने के दौरान जोरदार विस्फोट हुआ था। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच बाद में एनआईए को सौंपी गई थी।

जांच के दौरान एनआईए की टीम ने आजाद नगर पहुंचकर घटनास्थल का विस्तृत निरीक्षण किया था और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। मामले के मुख्य आरोपी शहनबाज मलिक उर्फ माफी तथा उसकी मां विस्फोट में गंभीर रूप से घायल हुए थे और बाद में इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई थी।

एनआईए की जांच में मामले से बड़ी मात्रा में आरडीएक्स बरामद किया गया था। उच्च क्षमता वाले इस विस्फोटक की बरामदगी के बाद एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में आरडीएक्स का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था और इसके पीछे किस प्रकार की साजिश रची गई थी।

जांच एजेंसी ने इस मामले में कई लोगों से पूछताछ भी की है। अधिकारियों का कहना है कि आरडीएक्स के स्रोत, इसके संभावित इस्तेमाल, आपूर्ति श्रृंखला तथा पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच लगातार जारी है।

एनआईए इस बात की भी जांच कर रही है कि विस्फोट के पीछे किसी संगठित आपराधिक गिरोह या आतंकी नेटवर्क का संबंध तो नहीं है। एजेंसी का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जांच आगे बढ़ने के साथ इस प्रकरण में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

Share this news

About desk

Check Also

IAT NEWS INDO ASIAN TIMES ओडिशा की खबर, भुवनेश्वर की खबर, कटक की खबर, आज की ताजा खबर, भारत की ताजा खबर, ब्रेकिंग न्यूज, इंडिया की ताजा खबर

जाजपुर में देह व्यापार गिरोह का भंडाफोड़

    दो महिलाओं समेत पांच हिरासत में     मुख्य डाकघर के पास मकान …