-
आय से अधिक संपत्ति मामले में हुई कार्रवाई
भुवनेश्वर। ओडिशा विजिलेंस ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों की जांच के तहत केन्द्रापड़ा वन प्रभाग के वन रेंजर रवीन्द्र कुमार नायक से जुड़े चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है। विजिलेंस विभाग के अनुसार, यह कार्रवाई विशेष विजिलेंस न्यायाधीश, कटक द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर की जा रही है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में चल रही जांच के तहत यह व्यापक अभियान चलाया गया है।
विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि पूरे अभियान की निगरानी पांच पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी), नौ निरीक्षक, पांच सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) तथा अन्य सहयोगी कर्मचारियों द्वारा की जा रही है।
तलाशी अभियान के दौरान विजिलेंस की टीमें कटक जिले के बारंग थाना क्षेत्र के मुंडुली-गोदिसाही स्थित रवीन्द्र कुमार नायक के चार मंजिला आवास, कटक जिले के बांकी थाना क्षेत्र के सहदापाड़ा स्थित उनके पैतृक घर, केन्द्रापड़ा वन रेंज कार्यालय स्थित उनके कार्यालय कक्ष तथा केन्द्रापाड़ा में स्थित उनके अस्थायी आवास की एक साथ तलाशी ले रही हैं।
विजिलेंस विभाग ने बताया कि सभी स्थानों पर तलाशी अभियान जारी है। जांच पूरी होने के बाद बरामद संपत्तियों और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का विस्तृत विवरण सार्वजनिक किया जाएगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
