-
अगरतला में विश्वस्तरीय कौशल एवं रोजगार केंद्र स्थापित करने की दिशा में बढ़ा कदम
भुवनेश्वर। युवाओं के लिए कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से त्रिपुरा सरकार का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भुवनेश्वर स्थित वर्ल्ड स्किल सेंटर (डब्ल्यूएससी) पहुंचा। त्रिपुरा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री संताना चकमा के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने ओडिशा के सफल मॉडल का अध्ययन किया और अगरतला के हापनिया में प्रस्तावित वर्ल्ड स्किल सेंटर एवं एम्प्लॉयबिलिटी हब की स्थापना के लिए सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।
युवाओं को उद्योग आधारित कौशल प्रदान करने पर जोर
त्रिपुरा सरकार हापनिया में एक अत्याधुनिक उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने की योजना बना रही है, जहां उन्नत कौशल प्रशिक्षण, उद्योग उन्मुख शिक्षा, रोजगार क्षमता संवर्धन कार्यक्रम, करियर परामर्श, प्लेसमेंट सहायता और उद्यमिता विकास जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
इस केंद्र का उद्देश्य उद्योगों की आवश्यकताओं और कार्यबल की क्षमताओं के बीच की दूरी को कम करना है, ताकि युवाओं को उभरती तकनीकों और तेजी से बढ़ते रोजगार क्षेत्रों के अनुरूप प्रशिक्षण मिल सके।
ज्ञान सहयोगी बनेगा ओडिशा का वर्ल्ड स्किल सेंटर
कार्यबल विकास के क्षेत्र में ओडिशा के वर्ल्ड स्किल सेंटर की उपलब्धियों को देखते हुए त्रिपुरा सरकार ने उसे इस परियोजना का “नॉलेज पार्टनर” बनाया है। साझेदारी के तहत ओडिशा का वर्ल्ड स्किल सेंटर बुनियादी ढांचे की योजना, प्रयोगशाला डिजाइन, उपकरण विनिर्देश, पाठ्यक्रम विकास, मूल्यांकन एवं प्रमाणन प्रणाली, संकाय विकास, उद्योग सहभागिता और संचालन रणनीति संबंधी तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करेगा।
उन्नत प्रयोगशालाओं और प्रशिक्षण सुविधाओं का किया अवलोकन
भुवनेश्वर दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने वर्ल्ड स्किल सेंटर की अत्याधुनिक प्रशिक्षण प्रयोगशालाओं, स्मार्ट कक्षाओं, सिमुलेशन सुविधाओं और मूल्यांकन प्रणालियों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उद्योगों के साथ सहयोग मॉडल, अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों, प्लेसमेंट व्यवस्था और छात्र सहायता सेवाओं का भी अध्ययन किया।
प्रतिनिधिमंडल ने संकाय सदस्यों, तकनीकी विशेषज्ञों, प्रशिक्षुओं और उद्योग प्रतिनिधियों से बातचीत कर कौशल विकास और कार्यबल तैयारी की सर्वोत्तम प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त की।
भविष्य के लिए तैयार कार्यबल बनाने पर जोर
इस अवसर पर मंत्री सांतना चकमा ने कहा कि भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप कार्यबल तैयार करना समय की मांग है। उन्होंने युवाओं को गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण और बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के लिए त्रिपुरा सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
अधिकारियों के अनुसार यह पहल युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने के साथ-साथ औद्योगिक विकास और आर्थिक प्रगति को गति देने वाली मजबूत कौशल विकास व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए बनेगा महत्वपूर्ण संस्थान
प्रतिनिधिमंडल में कौशल विकास निदेशालय के निदेशक, उपनिदेशक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। इस दौरान उन्होंने ओडिशा के कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा विभाग तथा वर्ल्ड स्किल सेंटर प्रबंधन के साथ विस्तृत चर्चा भी की।
हापनिया में प्रस्तावित वर्ल्ड स्किल सेंटर एवं एम्प्लॉयबिलिटी हब को त्रिपुरा और पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण संस्थान के रूप में विकसित करने की योजना है, जो नवाचार, रोजगार, उद्यमिता और सतत आर्थिक विकास के नए अवसर सृजित करेगा।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
