-
योग कार्यक्रमों में उमड़ी लोगों की भागीदारी
भुवनेश्वर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को पूरे ओडिशा में योग के प्रति उत्साह और जागरूकता का अनूठा माहौल देखने को मिला। राज्य के विभिन्न जिलों में शासन-प्रशासन, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और धार्मिक संस्थाओं की ओर से योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर योग को स्वस्थ जीवनशैली का आधार बनाने का संकल्प लिया।
कलिंग स्टेडियम में हुआ राज्य स्तरीय भव्य आयोजन
भुवनेश्वर स्थित कलिंग स्टेडियम में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 का राज्य स्तरीय भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री से लेकर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, खिलाड़ियों, विद्यार्थियों और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सामूहिक योगाभ्यास के माध्यम से लोगों को नियमित योग अपनाने और स्वस्थ जीवन जीने का संदेश दिया गया।
प्रधानमंत्री वर्चुअल माध्यम से जुड़े
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री कोलकाता से प्रसारित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लाइव कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से जुड़े। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद उन्होंने स्टेडियम में उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों, विद्यार्थियों और योग प्रेमियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास में भाग लिया। योग महोत्सव समिति की ओर से कार्यक्रम का संचालन आलोक दास और सत्य शोभन मिश्र ने किया।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा, खेल एवं युवा सेवा तथा ओड़िया भाषा, साहित्य एवं संस्कृति मंत्री सूर्यवंशी सूरज, विद्यालय एवं जनशिक्षा मंत्री नित्यानंद गोंड, मत्स्य एवं पशु संसाधन विकास मंत्री गोकुलानंद मलिक, कंधमाल सांसद सुकांत कुमार पाणिग्राही, मुख्य सचिव अनु गर्ग, विकास आयुक्त डी.के. सिंह, खेल एवं युवा सेवा विभाग के आयुक्त-सह-सचिव भूपिंदर सिंह पुनिया सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी, खिलाड़ी, योग साधक और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे।
राज्यपाल डॉ हरि बाबू ने दी शुभकामनाएं
राज्यपाल डॉ हरि बाबू कंभमपाटी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए योग को स्वस्थ, संतुलित और जागरूक समाज के निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया है।
लोक भवन स्थित न्यू अभिषेक हॉल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में शामिल होने के बाद राज्यपाल ने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में कहा कि योग केवल एक शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक ऐसी पद्धति है जो शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करती है।
उन्होंने कहा कि योग भारत की कालजयी और अमूल्य धरोहर है, जिसने विश्वभर में लोगों को स्वस्थ और संतुलित जीवन की दिशा दिखाई है। राज्यपाल ने लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि इसके नियमित अभ्यास से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन प्राप्त किया जा सकता है।
धर्मेंद्र प्रधान ने स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने का किया आह्वान
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ, संतुलित और सामंजस्यपूर्ण जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया है। सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में प्रधान ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आइए, हम सभी एक स्वस्थ, संतुलित और सामंजस्यपूर्ण जीवन जीने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ करें। भारत की शाश्वत ज्ञान परंपरा में निहित योग आज भी मानवता को शारीरिक कल्याण, मानसिक मजबूती और आत्मिक शांति की ओर प्रेरित कर रहा है।
प्रधान ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम पद्धति नहीं, बल्कि जीवन को सकारात्मक, अनुशासित और संतुलित बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और इसके माध्यम से स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का आग्रह किया।
Indo Asian Times A Hindi Digital News Portal
